
शिव मय हुई कान्हा की नगरी, शिव मंदिरों में दर्शन व जलाभिषेक के लिए उमड़े भक्त
–सायं कालीन वर्फ व फूल बंगले में विराजे भगवान भोलेनाथ, भक्तों ने किए दर्शन
मथुरा। श्रावण मास के पहले सोमवार पर श्रीकृष्ण मुरारी की नगरी त्रिपुरारी के जयकारों से गूंज उठी। मथुरा के भूतेश्वर, रंगेश्वर, गल्तेश्वर, चिंताहरण महादेव, कामेश्वर, चकलेश्वर एवं गोपेश्वर महादेव , हाटकेश्वर महादेव मंदिरों में सुबह से भक्तों का तांता लगा रहा। कांवड़ियों ने गंगाजल से शिवजी का अभिषेक किया। शिव भक्तों की भीड़ को देखते हुए प्रशासन की ओर से पर्याप्त इंतजाम किए गए। जनपद के छोटे-बड़े सभी शिवालयों में शिव भक्त अपने अराध्य के दर्शन व जलाभिषेक के लिए उमड़ पड़े। रंगेश्वर महादेव मंदिर में सीओ सिटी अभिषेक तिवारी ने बड़े ही भाव से रंगेश्वर महादेव मंदिर में पूजा अर्चना की। शिव मंदिरों में हर हर महादेव और बम-बम भोले की गूंज के जयकारे गुंजायमान हो रहे थे। शिव भक्तों ने श्रद्धाभाव से पूजा-अर्चना कर भगवान भोलेनाथ से मंगल कामना की। शाम को शिवालयों में फूलबंगला सजाए गए।