
श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का पुष्पांजलि कार्यक्रम से हुआ शुभारंभ, कार्ष्णि गुरुशरणानंद महाराज ने उतारी आरती
मथुरा। मथुरा में श्री कृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान के सानिध्य में श्री कृष्ण जन्म महोत्सव समिति द्वारा श्री कृष्ण जन्मस्थान के लीला मंच पर पुष्पांजलि कार्यक्रम धूमधाम से मनाया गया। हजारों श्रद्धालु यहां मौजूद रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ कार्ष्णि गुरु शरणानंद महाराज द्वारा पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। संस्थान के सचिव कपिल शर्मा, गोपेश्वर नाथ चतुर्वेदी, समिति के अध्यक्ष मुकेश खंडेलवाल, मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी, पूर्व मंत्री एवं विधायक श्रीकांत शर्मा, विधायक पूरन प्रकाश, विधायक मेघश्याम सिंह, पूर्व मंत्री सूर्य प्रताप साही, समिति के महामंत्री महेश अग्रवाल, मंत्री योगेश अग्रवाल, मंत्री अनिल द्वारा महाराज का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। इस अवसर पर दूरदर्शन की गायिका शालिनी शर्मा द्वारा भजन प्रस्तुति की गई।
शुक्रवार सुबह साढ़े पांच बजे से ठाकुर जी की मंगला आरती के दर्शन शहनाई और नगाड़ों के बीच हुआ। गर्भगृह के मूल स्वरूप में छेड़छाड़ किए बिना उसे प्राचीन कारागार का स्वरूप दिया गया है। सुबह आठ बजे भगवान का पंचामृत से अभिषेक किया गया। पूर्वान्ह ठाकुरजी को पुष्पांजलि दी गई। पुष्पाजंलि कार्यक्रम में शामिल होकर भक्त अपने को धन्य समझ रहे थे। भक्तों को लग रहा था कि उन्हें प्रभु का आशीर्वाद मिल गया है। ठाकुरजी का गुणगान किया गया। गुरु शरणानंद महाराज ने कहा कि सौभाग्य से भगवान के जन्मोत्सव में शामिल होने का मौका मिलता है। देवता भी आज खुश हो रहे होंगे। उन्होंने ठाकुरजी का गुणगान किया। जन्म का महाभिषेक का कार्यक्रम रात 11 बजे से शुरू होगा। सारंग शोभा पुष्प बंगले में विराजमान होकर आराध्य दर्शन देंगे और श्रीहरिकांता पोशाक धारण करेंगे। ब्रज में जन्मोत्सव की धूम मची थी। श्रीकृष्ण जन्मस्थान आस्था का केंद्र बन गया। सुबह से ही श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर श्रद्धालुओं की लाइन लग गई। भगवान की भक्ति में भक्त सुधबुध खोए थे। मंच पर कलाकारों ने भगवान के भजन गाए। भजनों पर श्रद्धालु सुधबुध खोकर झूम उठे। भगवान की भक्ति में रमण गए और नाचते-गाते रहे। जन्मस्थान का नजारा अकल्पनीय हो गया। आस्था की धारा बह निकली।