
ई रिक्शा चालक का दुकानदार से हुआ जमकर विवाद, ईंट के प्रहार से फूटा दुकानदार का सिर, व्यापारियों ने बाजार किया बंद
मथुरा। बुधवार को मथुरा के चौक बाजार में एक ई रिक्शा चालक का दुकानदार से विवाद हो गया जिसके बाद ई रिक्शा चालक ने दुकानदार का सर में ईंट मारकर चोट पहुंचा दी। व्यापारी के चोट लगते ही बाजार में मौजूद अन्य व्यापारियों में आक्रोश फैल गया जिसके बाद व्यापारियों ने बाजार बंद कर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।
मथुरा शहर के व्यस्ततम चौक बाजार में बुधवार को ई रिक्शा चालक और व्यापारी में विवाद हो गया। चौक बाजार में गिलेट के आभूषण का काम करने वाले जितेंद्र वर्मा का भाई अभिषेक दुकान खोलने के लिए आते थे। अभिषेक जब दुकान खोल रहे थे उस दौरान दुकान के आगे एक ई रिक्शा खड़ा था। अभिषेक ने ई रिक्शा चालक से आगे बढाने के लिए कहा तो वह आग बबूला हो गया। ई रिक्शा चालक ने जब व्यापारी से अभद्र शब्दों का प्रयोग किया तो व्यापारी ने इसका विरोध किया। जिसके बाद दोनों में विवाद हो गया। ई रिक्शा चालक और व्यापारी के बीच हुए विवाद ने कुछ ही देर में बड़ा रूप ले लिया। ई रिक्शा चालक ने पास में पड़ी ईंट को उठाया और व्यापारी अभिषेक वर्मा पर प्रहार कर दिया। इस हमले में व्यापारी के सर पर गंभीर चोट आ गई और खून बहने लगा। अभिषेक वर्मा के घायल होने के बाद आसपास के व्यापारी एकत्रित हो गए। हमला करने के बाद ई रिक्शा चालक मौके से भाग खड़ा हुआ। ई रिक्शा चालक द्वारा किए गए हमले के बाद बाजार के व्यापारी आक्रोशित हो गए। व्यापारियों ने ई रिक्शा चालकों के आतंक के खिलाफ आक्रोश व्यक्त करते हुए बाजार बंद कर दिया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। व्यापारियों का आरोप है कि दिन भर ई रिक्शा चालक बाजार में सड़कों को घेरे रहते हैं लेकिन पुलिस इस तरफ ध्यान नहीं देती। ई रिक्शा चालक द्वारा किए गए प्रहार से घायल व्यापारी अभिषेक वर्मा को तत्काल इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने व्यापारी का इलाज शुरू कर दिया। अभिषेक वर्मा के सर में लगी चोट के कारण लगातार खून बह रहा था। जिसकी वजह से डॉक्टरों ने उसे भर्ती कर लिया। व्यापारियों द्वारा हंगामा करने और बाजार बंद करने की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने आक्रोशित व्यापारियों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस के कार्यवाही का भरोसा देने पर व्यापारी यों का गुस्सा शांत हुआ। इसके बाद पुलिस हमला करने वाले ई रिक्शा चालक की तलाश में जुट गई है।