
वृंदावन पहुंची पूर्व सांसद जयाप्रदाः ब्रजवासियों को दीं होली की शुभकामनाएं, बोलीं- अब आजम खान का खेल खत्म
मथुरा।तीर्थनगरी मथुरा में इन दिनों होली की धूम है। इसी बीच बुधवार की शाम पूर्व सांसद एवं अभिनेत्री जयाप्रदा वृंदावन पहुंची। यहां उन्होंने अटल्ला चुंगी स्थित बालाजी देवस्थान मंदिर में दर्शन कर पूजा-अर्चना की। इसके बाद अध्यात्मिक गुरु डॉ. अनुराग कृष्ण पाठक के साथ धार्मिक चर्चा की। इस मौके पर उन्होंने ब्रजवासियों को होली की शुभकामनाएं दीं।
पत्रकारों के सवालों के जवाब में उन्होंने कहा कि अब सपा नेता आजम खान का खेल खत्म हो चुका है। उन्होंने न्यायालय का धन्यवाद देते हुए कहा कि आजम खान को जो सजा मिलनी चाहिए थी, मिल गई। कहा कि वह सपा में रहीं, लेकिन सपा में महिलाओं का कोई सम्मान नहीं है। सपा का कार्यकाल भी लोगों ने देखा है। जितना आतंक, जंगलराज और क्राइम सपा के शासन में रहा यह किसी से छिपा नहीं है।
कहा कि बहन बेटियों का घर से बाहर निकलना भी खतरे से खाली नहीं होता था, लेकिन मोदी और योगी के राज में देश में रामराज्य जैसा माहौल बन गया है। आज महिलाओं को सिर उठाकर जीने का मौका मिला है। प्रयागराज उमेशपाल हत्याकांड पर उन्होंने कहा कि दोषियों पर कानूनी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की जा रही है। जो भी दोषी होगा बख्शा नहीं जाएगा।
बुल्डोजर पर कहा कि कानून के खिलाफ कार्य करने वालों को कोई लोरी तो नहीं सुनाएगा। 2024 के लोकसभा चुनावों पर उन्होंने कहा कि रामपुर के लोगों ने मुझे प्यार और सम्मान दिया है। रही बात आगे चुनाव लड़ने की तो पार्टी हाईकमान का जो फैसला होगा वो मान्य होगा।मथुरा से चुनाव लड़ने के प्रश्न के जबाव में जयाप्रदा ने कहा कि हेमा हमारी बड़ी बहन हैं। मेरे दिल में उनके प्रति सम्मान है। यहां से चुनाव लड़ने के बारे में कभी सोचा भी नहीं है। उनके सामने हमारी कोई हैसियत नहीं है। रामचरितमानस के अपमान पर उन्होंने कहा कि यह राम की भूमि है और हम सभी को भगवान राम के प्रति आस्था का भाव रखना हमारा कतर्व्य भी है।
मंहगाई और घरेलू सिलिंडर के दाम बढ़ाए जाने पर उन्होंने कहा कि पीएम मोदी और सीएम योगी महंगाई को नियंत्रण करने के लिए कार्य कर रहे हैं। प्रधानमंत्री जी-20 को देश में इसीलिए लेकर आए कि देश की अर्थव्यवस्था में और सुधार हो सके। इस अवसर पर नगर निगम के निवर्तमान उपसभापति राधा कृष्ण पाठक, भाजपा नगर अध्यक्ष विनीत शर्मा महेश शर्मा,आदि मौजूद थे