
नगर निगम की केबिनेट बैठक में 563 करोड़ का बजट स्वीकृत, डैम्पीयर नगर में स्थापित होगी व्यायामशाला
नगर निगम की केबिनेट बैठक में 563 करोड़ का बजट स्वीकृत, डैम्पीयर नगर में स्थापित होगी व्यायामशाला
मथुरा। नगर निगम मथुरा वृंदावन की बैठक मसानी क्षेत्र स्थित ब्रजवासी लैंड इन में भारी गहमा गहमी के बीच सम्पन्न हुई। जिसमें पुर्नरक्षित बजट सहित अनेक प्रस्तावों को अनुमोदन दिया गया, साथ ही डैम्पीयर नगर में 9.20 मीटर भूमि पर व्यायाम शाला स्थापित करने का फैसला लिया गया है।
सदन के समक्ष पुनरीक्षित बजट प्रस्तुत किया गया। कार्यकारिणी द्वारा वित्तीय वर्ष 2021-22 का पुनरीक्षित बजट 563 करोड रू0 स्वीकृत किया गया। कुल बजट रू0 563 करोड में वित्तीय वर्ष 2021-22 में सकल प्राप्तियों का अनुमान रू0 372 करोड एवं गत वर्ष में विभिन्न अनुदानों का अन्तिम अवशेष रू0 191 करोड सम्मिलित है।
बजट में राज्य वित्त आयोग, 15 वॉ वित्त आयोग, अवस्थापना विकास निधि, कान्हा पशु योजना, निराश्रित गौ-वंश चारा व्यवस्था अनुदान, अमृत योजना, स्वच्छ भारत मिशन, ह््रदय योजना, कॉलौनी हस्तांतरण, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबन्धन, स्मार्ट सिटी, नगर निगम नवीन भवन निर्माण, नमामि गंगे, पी0एम0 स्वनिधि योजना एवं अन्य अनुदान से प्राप्त आय सम्मिलित है। उपरोक्त बजट अध्यक्ष/महापौर मुकेश आर्यबंधु एवं सदन द्वारा विस्तृत चर्चा के उपरान्त सर्व सम्मति से स्वीकार किया गया। नगर निगम मथुरा वृंदावन द्वारा बनाई गई तंबाकू उत्पाद नियंत्रण लाइसेंस उप विधि 2021 को सदन द्वारा स्वीकृति प्रदान की गई। डैम्पियर नगर मथुरा स्थित राजकीय जिला पुस्तकालय के पीछे नगर निगम मथुरा वृंदावन की रिक्त 09.20 मी0 भूमि पर नगर निगम द्वारा भवन निर्मित कर व्यायामशाला को स्थापित किया जायेगा तथा मुख्यमंत्री द्वारा 30 अगस्त को श्रीकृष्णजन्माष्टमी के अवसर पर मथुरा जनपद के 07 शहरों/कस्बों को तीर्थ स्थल घोषित करने के अनुरूप ही मथुरा शहर के भाग को भी तीर्थ स्थल घोषित करने की घोषणा की गई थी, जिससे उपरांत शासन द्वारा नगर निगम के 22 वार्डों को तीर्थ स्थल घोषित किया गया। उक्त प्रस्ताव का सदन द्वारा अंगीकार किया गया। शहर के मार्गों, चौराहों एवम पार्कों का नाम महापुरुषों के नाम पर रखे जाने हेतु 54 मार्गों एवं पार्कों के नामकरण का प्रस्ताव मा0 सदन द्वारा पुनः नामकरण की समिति के समस्त प्रस्तुत किये जाने हेतु आदेशित किया गया। जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में स्वास्थ्य विभाग मथुरा हेतु दवाईयों के स्टोर किये जाने हेतु 1.36 हैक्टेयर भूमि नगर निगम मथुरा-वृन्दावन के आटस बांगर में आरक्षित की गयी। महापौर मुकेश आर्यबंधु पर लगे आरोपों की जांच हेतु गठित समिति द्वारा जांच आख्या सदन के समक्ष प्रस्तुत की गयी। जांच समिति की जांच में महापौर पर रोपित सभी आरोप निराधार पाये गये। भ्रष्टाचार का आरोप सिद्ध नहीं हुआ। पूर्ण तया निराधार पाया गया। समिति द्वारा आदित्य अग्रवाल से दुकान का कब्जा वापिस लेने की संस्तुति की गयी। इसके अतिरिक्त लखमी चरण के पक्ष में नामांतरण करने की संस्तुति की गयी। सदन द्वारा उक्त पर सहर्ष स्वीकृति प्रदान की गयी।
बैठक में नगर निगम कर समस्त पार्षदगणो व नगर निगम के अधिकारियों के द्वारा प्रतिभाग किया गया।
बॉक्स
महापौर की निगम अधिकारियों पर व्यक्तिगत टिप्पणी बनी चर्चा का विषय, बाद में मेयर ने नगर आयुक्त से मांगी माफी
मेयर बोले…पार्षद मेरा साथ दे तो अधिकारियों को औकात दिखा दी जाएगी
मथुरा। मथुरा-वृन्दावन नगर निगम की हंगामेदार हुई बोर्ड बैठक में उस समय असहज स्थिति उत्पन्न हो गयी जब महापौर डा. मुकेश आर्य बंधु ने निगम अधिकारियों पर व्यक्तिगत अशोभनीय टिप्पणी कर दी हालांकि मेयर ने इस पर नगर आयुक्त द्वारा आपत्ति व्यक्त करने के बाद माफी मांग ली। हुआ यूं कि बोर्ड बैठक के दौरान कुछ पार्षद आरोप लगाने लगे कि समाचार पत्रों में निगम के शुभकामना/ बधाई आदि विज्ञापनों में उनके फोटो नही छपते इस पर मेयर तपाक से बोले कि आप अपनी बात कर रहे हो दीपावली मेले के विज्ञापन में प्रधानमंत्री जी का फोटो नही लगाया गया। मुझको विज्ञापन बनाने से पूर्व डिजायन तक नही दिखाई गयी। सभी 80 पार्षद उनका साथ दें तो वह निगम के अधिकारियों को उनकी औकात दिखा दें। ढील के कारण ही अधिकारी सिर पर मूंत रहे है। ये सुनकर नगर आयुक्त अनुनय झा का पारा एकदम हाई हो गया। उन्होंने कहा आप हमें क्या औकात दिखायेंगे, हम चले जाते है आप खुद ही काम कर लीजिये। व्यक्तिगत टिप्पणी करना सभ्यता के दायरे में नही आता। इस दौरान उन्होंने तपाक से मेयर के हाथ से माइक छीन कर कहा कि आप हमारी प्रतिष्ठा से खिलवाड़ नही कर सकते। यह सब देख कर बैठक में सन्नाटा सा पसर गया। इस बीच मेयर ने अपने शब्दों को वापिस लेते हुए क्षमा मांग ली। मेयर और नगर आयुक्त के बीच संकटमय स्थिति देखकर काफी संख्या में पार्षद अपनी-अपनी सीट छोड़ कर मंच पर आकर नगर आयुक्त को समझाने लगे। मेयर द्वार माफी मांगने पर नगर आयुक्त का गुस्सा ठंडा पड गया उन्होंने भी अपने कडे शब्दों पर माफी मांग ली।
महंगाई भारत की समस्या नहीं है, यह विश्वव्यापी समस्या है : डॉ. मुकेश आर्य बंधु
मथुरा। आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर विभिन्न राजनीतिक दल मैदान में उतर चुके हैं और अधिक से अधिक लोगों को रिझाने का प्रयास कर रहे हैं। वहीं विभिन्न राजनीतिक पार्टियां अपने कार्यकर्ताओं में जोश भरने का भरपूर प्रयास कर रही हैं। विधानसभा चुनावों को लेकर मथुरा के मेयर डॉ. मुकेश आर्य बंधु से हमने बात की तो उन्होंने कहा कि भाजपा विकास के मुद्दे पर चुनाव लड़ेगी। महंगाई कोई मुद्दा नहीं है, पूरे विश्व में महंगाई है। पिछली बार हमें 4 सीटें मिली थीं, इस बार भगवान श्रीराम की कृपा से पांचों विधानसभा सीटों पर हम जीतेंगे। मथुरा के मेयर डॉ. मुकेश आर्य बंधु ने कहा कि राजनीतिक पार्टियों का उद्देश्य होता है चुनाव लड़ना और हर पार्टी यही चाहती है कि हम सत्ता में आएं। हम सत्ता पर कैसे काबिज़ हों सकें और उसके लिए अलग-अलग तरीके के हथकंडे अपनाए जाते हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ऐसी पार्टी है जो हमेशा जनता के हित में काम करती है। डॉ. मुकेश आर्य बंधु ने कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 4 विधानसभा सीटें जीती थीं और इस बार उम्मीद जतायी कि पांचों विधानसभा सीटों पर पार्टी जीत हासिल करेगी। उन्होंने कहा कि अगली बार भी भारतीय जनता पार्टी की ही सरकार प्रदेश में बनेगी। महंगाई के मुद्दे पर डॉ. मुकेश आर्य बंधु ने कहा कि महंगाई केवल भारत में ही नहीं है. महंगाई से पूरा विश्व परेशान है। उन्होंने कहा कि महंगाई भारत की समस्या नहीं है, बल्कि यह विश्वव्यापी समस्या है. चुनाव में निश्चित तौर पर महंगाई मुद्दा नहीं होना चाहिए। पार्टी विकास के मुद्दों पर जनता से वोट मांगने जाएगी।