
भाजपा समाज को बनाने का काम करती है, सपा तुष्टिकरण की राजनीति कर रही है : राजनाथ सिंह
स्टार प्रचारकों का आने का सिलसिला हुआ तेज, जमकर विपक्ष पर बरसे केन्द्रीय रक्षामंत्री, मांगे भाजपा प्रत्याशियों के लिए वोट
मथुरा। प्रथम चरण का मतदान 10 फरवरी को होना है, जैसे जैसे मतदान की तारीख नजदीक आ रही है वैसे वैसे मथुरा विधानसभा की पांचों सीटों पर चुनाव प्रचार में तेजी लाने को लेकर स्टार प्रचारकों का आना शुरू हो चुका है। बलदेव विधानसभा के भाजपा प्रत्याशी के समक्ष में शनिवार बसंत पंचमी पर्व पर दीनदयालधाम में आयोजित जनसभा में केन्द्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। केन्द्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मथुरा के बल्देव विधानसभा क्षेत्र में शनिवार भाजपा प्रत्याशी पूरन प्रकाश के लिए प्रचार करने पहुंचे। बल्देव विधानसभा क्षेत्र के नगला दीनदयाल धाम में आयोजित जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी तुष्टिकरण की राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि हमारा मानना है कि राजनीति केवल सरकार बनाने के लिए नहीं होनी चाहिए बल्कि समाज बनाने के लिए होनी चाहिए। भाजपा समाज को बनाने का काम करती है। लोगों को एक करने का काम करती है। विकास के काम को लेकर कोई भेदभाव नहीं करती है। मजहब और जाति की राजनीति भाजपा को स्वीकार नहीं है। उन्होंने कहा कि जो दिशा दीनदयाल उपाध्याय ने दी है, उसी के अनुरूप भाजपा काम कर रही है। कानून का शासन होगा तो विकास योगासन करेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा की मोदी जी के नेतृत्व की सरकार में अंतरराष्ट्रीय जगत में भारत की मान प्रतिष्ठा बढ़ी है। पहले दुनिया हमारी बातों को गंभीरता से नहीं लेती थी। लेकिन अब दावे के साथ कह सकता हूं कि आज भारत कमजोर भारत नहीं है। जब भारत का कोई बोलता है तो पूरी दुनिया कान खोलकर सुनती है। दुनिया समझती है कि भारत बोल रहा है, इसका कोई मतलब होता है। दुनिया की कोई ताकत हमारी तरफ आंख उठाने की जुर्रत करेगी तो हम इस पार और उस पार जाकर भी मार सकते हैं। उन्होंने कहा कि राजनीतिक पार्टियों को बात समझ नहीं आ रही है। भारत की सीमाएं सुरक्षित हैं। जवानों के बुलंद हौसले देखता हूं, तो पूरी तरह आश्वस्त होता हूं कि कोई भी दुनिया की ताकत भारत के मान-सम्मान को चोट नहीं पहुंचा सकती। जहां तक उत्तर प्रदेश का प्रश्न है। मुझे ज्यादा बताने की जरूरत नहीं है। योगी सरकार अच्छा काम कर रही है। गुंडे माफिया जेल में हैं। विकास की शर्त होती है कानून व्यवस्था का चुस्त रहना। उन्होंने कहा कि वह योगी सरकार को बधाई देते है कि उन्होंने कानून व्यवस्था बनाने में कामयाबी हासिल की है। आजाद भारत के लिए कांग्रेस ने बहुत आश्वासन दिए, 25 फीसद भी पूरा करते, तो आज नक्शा बदल गया होता। भाजपा जो कहती है वह करती है। प्रधानमंत्री प्रधानमंत्री होता है, वह व्यक्ति नहीं संस्था होता है। एक बार राजीव गांधी ने लाचारी व्यक्त की थी कि ऊपर से मैं सौ पैसा भेजता हूं और नीचे पूरा नहीं पहुंचता। इसे नरेन्द्र मोदी ने स्वीकार किया और ऐसी व्यवस्था की कि गरीबों के पास सौ का सौ रुपया पहुंचता है। किसानों के खाते में छह हजार रुपये पहुंच रहे हैं। सिस्टम में परिवर्तन लगाकर भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाया है। हमारी सरकार भारत के गरीबों को समर्पित है। कोरोना के दौरान मजदूर बेकार हुए। दूसरे राज्यों से पैदल भागे। रोजी रोटी का संकट पैदा हुआ। प्रधानमंत्री ने फैसला किया कि माह में दो बार राशन मुहैया कराएंगे, करा रहे हैं। उज्जवला गैस कनेक्शन दिए। बहुत सारे काम हैं, कितनों की चर्चा करूं। आज फैसला किया है कि उत्तर प्रदेश के हर जिले में मेडिकल कालेज की व्यवस्था किया है। 59 बन गए हैं या बन रहे हैं। किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। जो बजट पेश हुआ है उसे 2 लाख 37 हजार करोड़ रुपये धान और गेहूं खरीद के लिए तय किया गया है। ये सरकार का कलेजा है।