
संतों की मांग, वृंदावन का निवासी होना चाहिए अगला मेयर
मथुरा।वृंदावन में धर्म रक्षा संघ ने महंत डॉ. आदित्यानंद महाराज की अध्यक्षता में श्रीमद्भागवत मंदिर में आयोजित बैठक के दौरान आगामी नगर निगम चुनाव को लेकर चर्चा की। यहां सभी वक्ताओं ने पूर्व मेयर के कार्यों से असंतुष्टि व्यक्त करते हुए अपनी भावनाएं व्यक्त कीं।धर्म रक्षा संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सौरभ गौड़ ने कहा कि विगत 5 वर्षों में नगर निगम के जो मेयर रहे हैं। उन्होंने यमुना की सफाई, बंदरों की समस्या, ट्रैफिक की समस्या हल करने के लिए एक कदम भी नहीं बढ़ाया। यहां तक कि उनके कार्यकाल में इन तीनों गंभीर समस्याओं ने विकराल रूप धारण कर लिया है। महंत मोहिनी बिहारी शरण ने कहा कि जिस प्रकार से संतों और जनता को हर चुनाव के समय झूठे आश्वासन दिये जाते हैं। वह भाजपा जैसी सनातन प्रेमी राष्ट्रीय पार्टी के लिए उचित नहीं है।महंत डॉ. आदित्यानंद महाराज ने कहा कि इस बार मेयर के चुनाव में मेयर का प्रत्याशी वृंदावन से होना चाहिए। जो कि वृंदावन की समस्याओं को भलीभांति समझ कर उनका निराकरण कर सके। धर्म रक्षा संघ के राष्ट्रीय संयोजक आचार्य बद्रीश महाराज ने कहा कि पिछले 5 सालों में मथुरा वृंदावन नगर निगम के मेयर ने वृंदावन के संतों एवं यहां के स्थानीय समाज को दर्शन देने का भी कष्ट नहीं किया। चतु: सम्प्रदाय महंत फूलडोल बिहारी महाराज ने कहा कि वृंदावन की समस्याओं का समाधान धार्मिक और स्थानीय जनता एवं संतों से जुड़ा व्यक्ति ही कर सकता है। महामंडलेश्वर स्वामी नवल गिरी महाराज ने कहा कि इस बार मथुरा वृंन्दावन नगर निगम का मेयर कोई संत समाज का व्यक्ति होना चाहिए, जो कि पूरी तरीके से जमीन से जुड़कर कार्य कर सके। संतों और स्थानीय जनता की समस्याओं को दूर कर सके।धर्म रक्षा संघ के राष्ट्रीय महामंत्री श्रीदास प्रजापति ने पधारे हुए सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन किया। बैठक में रामविलास चतुर्वेदी, महामंडलेश्वर स्वामी कृष्णानंद महाराज, महंत दशरथ दास हनुमान टेकरी, महंत जगन्नाथ दास अधिकारी, संत कृष्णा स्वामी, योगी मधुर आनंद गिरी, जितेंद्र शास्त्री, महंत नारायण दास, महंत कृपा कांक्षी दास, रामदास आदि मौजूद रहे।