
बृज यातायात एवं पर्यावरण जन जागरूकता समिति ने गृहकर व जलकर के सर्वे में घपले की शिकायत सीएम से, दोबारा सर्वे की मांग
मथुरा। गृहकर व जलकर को लेकर मथुरा नगर निगम की शिकायत उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री से की है। ब्रज यातायात एवं पर्यावरण जनजागरूकता समिति रजि. उत्तर प्रदेश के संस्थापक अध्यक्ष विनोद दीक्षित ने अपनी शिकायत में कहा है कि मथुरा नगर निगम के द्वारा गृहकर व जलकर को लेकर प्राइवेट कंपनी से सर्वे करवाया गया।
इस कंपनी ने सर्वे को अपने मनमाने तरीके से किया जिसके बाद नगर निगम मथुरा द्वारा नागरिकों पर 5 गुना से भी अधिक कर भेज दिया जिससे समय पर टैक्स भरने वाले लोगों ने टैक्स को रोक लिया। इस पूरे घोटाले वाली प्रक्रिया से जहां सरकार को नुकसान हुआ वहीं लोग नगर निगम के चक्कर लगा रहे हैं।
समिति का कहना है कि उक्त प्रकरण की शिकायत नगर निगम से किए जाने के बाद भी आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई इसलिए उपरोक्त कंपनी पर जुर्माना लगाते हुए सर्वे को रद्द कर पुनः सर्वे कराया जाये और जनता की जानकारी में सर्वे हो। ये कंपनी किस प्रकार सर्वे कर गई और उसके सर्वे का क्या आधार रहा, इसकी कुछ भी जानकारी किसी नागरिक को नहीं है। कंपनी द्वारा नौसिखिए लगा कर केवल औपचारिकता की गई है। न घरों के माप सही हैं, न उम्र, न मालिक, न किराया, न सीवर की जानकारी ही दी गई है। अत: इस पूरे प्रकरण की मथुरा नगर निगम के अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाये।