
साधुओं पर हमले से नाराज संतो ने ममता बनर्जी का पुतला फूंका
मथुरा। वृंदावन में पश्चिम बंगाल में तीन साधुओं पर हुए हमले के विरोध में वृंदावन के साधुओं में रोष व्याप्त है। वृंदावन में मंगलवार को अटल्ला चुंगी पर संतों के सानिध्य में हिंदूवादी संगठनों ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का पुतला दहन किया और नारेबाजी की। संतों ने कहा कि पश्चिम बंगाल में अराजकता का माहौल है। यह भारत का अभिन्न हिस्सा है। यहां संतों से मारपीट और अभद्रता की जा रही है जबकि संत मकर संक्रांति पर गंगासागर स्नान करने जा रहे थे। संतों पर पश्चिम बंगाल में इस तरह के हमले सहन नहीं किए जाएंगे। यह घटना अति निंदनीय और अक्षम्य है। पुतला दहन के दौरान महंत मोहिनी बिहारी शरण महाराज, विनोद राघव, योगेश गौतम, डॉ. ए के सैनी, राजन चौधरी, अशोक ठाकुर आचार्य बद्री, राम जन्मभूमि के पक्षकार दिनेश शर्मा, राजेश पाठक,लक्ष्मण आदि उपस्थित थे।