
विदेशी नागरिक का फांसी के फंदे पर लटका मिला शव
मथुरा। थाना गोवर्धन क्षेत्र में विदेशी नागरिक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। यूक्रेन निवासी विदेशी नागरिक का परिक्रमा मार्ग स्थित एक आश्रम में फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला शव, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बुधवार की शाम को गोवर्धन में परिक्रमा मार्ग स्थित गोविंद कुंड के नजदीक स्थित श्री राधा मदन मोहन दास आश्रम में विदेशी नागरिक की संदिग्ध मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची तो पुलिस को यूक्रेन निवासी 30 वर्षीय आलेक जेंडर का शव कमरे में बनी खिड़की के पास कुंडी से लटका हुआ था। बुधवार की शाम को जब यूक्रेन निवासी आलेक जेंडर के कमरे में कोई हलचल नहीं दिखाई दी तो आश्रम के महंत जानकी दास ने इसकी जानकारी थाना गोवर्धन पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना गोवर्धन पुलिस एलआईयू और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मौके से वीजा, पासपोर्ट, लैपटॉप और मोबाइल फोन बरामद किया। फॉरेंसिक टीम ने कमरे से साक्ष्य भी जुटाए। पुलिस ने शव को उतार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आलेक जेंडर 2 महीने पहले अपने यूक्रेन निवासी दोस्त बृजनंदन के साथ बृज घूमने आया था। 11 दिसंबर को बृजनंदन वापस यूक्रेन चले गए। जबकि आलेक यहीं रह गए आलेक के बराबर कमरे में ही एक रशियन दंपत्ति भी रह रही थी। आश्रम के महंत ने बताया कि जब आलेक कमरे में नहीं निकले तो उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दे दी। जिसके बाद देखा तो वह फांसी के फंदे पर लटके हुए थे। विदेशी नागरिक की मौत के मामले में थाना प्रभारी गोवर्धन राजकमल ने बताया कि विदेशी नागरिक के पास से एक लेटर मिला है। जिसमें उन्होंने अपना अंतिम संस्कार ब्रज में करने के लिए लिखा है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और दूतावास को सूचना भी दी गई है।