
लूट या साज़िश? खून से लथपथ मिला चांदी कारोबारी का शव
कमरे में खून से लथपथ मिला चांदी कारोबारी का शव
लूट के बाद हत्या की आशंका, परिजन बोले—गोली मारकर की गई हत्या
मथुरा। संवाददाता श्याम शर्मा/मुकेश गुप्ता) 4 जनवरी को गोविंद नगर थाना क्षेत्र के लाल दरवाजा चौकी के समीप रविवार सुबह एक चांदी कारोबारी का शव उसके घर में खून से लथपथ हालत में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 60 वर्षीय सतीश चंद्र गर्ग के रूप में हुई है, जो चांदी की खरीद कर उसे पिघलाकर बेचने का कार्य करते थे। घटना के बाद परिवार में मातम छाया हुआ है, जबकि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार सतीश चंद्र गर्ग मकान के ग्राउंड फ्लोर पर अकेले रहते थे, जबकि पहली और दूसरी मंजिल पर किरायेदार रहते हैं। शनिवार से घर में कोई हलचल नहीं होने पर रविवार सुबह किरायेदारों को शक हुआ। सीढ़ियों का गेट नहीं खुलने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब दरवाजा खोलकर देखा तो सतीश चंद्र गर्ग अपने कमरे में पलंग पर मृत अवस्था में पड़े मिले।
कमरे में अलमारियां खुली हुई थीं और सामान बिखरा पड़ा था, जिससे लूट की आशंका जताई जा रही है। मृतक की कनपटी पर चोट का निशान पाया गया है। परिजनों का आरोप है कि सतीश चंद्र गर्ग की गोली मारकर हत्या की गई है, हालांकि पुलिस का कहना है कि यह चोट गोली की है या किसी अन्य कारण से लगी है, इसका स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
पुलिस के अनुसार घटनास्थल पर जबरदस्ती या संघर्ष के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि घर में जो भी आवाजाही हुई है, वह परिचित (फ्रेंडली एंट्री) हो सकती है।
घटना की जानकारी मिलते ही फोरेंसिक टीम, डॉग स्क्वायड और फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट को मौके पर बुलाया गया। साक्ष्य एकत्रित कर फिंगर प्रिंट लिए गए हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।
एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि मामले के खुलासे के लिए पांच विशेष टीमों का गठन किया गया है। सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि सतीश चंद्र गर्ग की पत्नी का चार वर्ष पूर्व निधन हो चुका था और उनके तीनों बेटे बाहर रहते हैं। अकेले रहने के कारण ही बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाया हो, इस एंगल से भी जांच की जा रही है।








