
31 मई को वृंदावन में निकाली जाएगी परशुराम शोभायात्रा
मथुरा। परशुराम शोभायात्रा समिति की एक बैठक कृष्णकाली पीठ पर आयोजित की गई। जिसमें 31 मई को वृंदावन में निकलने वाली शोभायात्रा को सफल बनाने पर विचार किया गया। ब्राह्मण सेवा संघ के संस्थापक चंद्र लाल शर्मा एवं ब्राह्मण महासभा के संस्थापक सुरेश चंद्र शर्मा ने कहा कि भगवान परशुराम शोभा यात्रा पूरी भव्यता के साथ निकाली जाएगी। शोभा यात्रा में जिले भर से विप्र बंधुओ को आमंत्रित किया गया है।
उन्होंने बताया कि इस बार की शोभायात्रा अभूतपूर्व व ऐतिहासिक होगी। संयोजक पं. उदयन शर्मा ने कहा कि शोभायात्रा मार्ग में अनेक स्वागत द्वारा बनाए जाएंगे। स्थान स्थान पर श्रद्धालु भगवान परशुराम की आरती उतार कर शोभायात्रा का स्वागत करेंगे। साथ ही शोभा यात्रा में इस बार अनेक आकर्षक झांकियां निकलेंगी। अध्यक्ष धर्मेंद्र गौतम लीला ने कहा कि शोभायात्रा की सफलता हेतु इस बार नगर के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार संपर्क किया जा रहा है।
गर्मी के मौसम को देखते हुए पूरे शोभायात्रा मार्ग पर ठंडे जल व शरबत की व्यवस्था रहेगी। इससे पूर्व गत वर्ष की शोभायात्रा के संयोजक डा. केशवाचार्य ने नव नियुक्त संयोजक उदयन शर्मा को गत वर्ष निकाली गई शोभायात्रा का हिसाब व अन्य कागजात सौंपे। इस अवसर पर योगेश द्विवेदी, सत्यभान शर्मा, सुभाष गौड़ लाला पहलवान, आनंद वल्लभ गोस्वामी, अमर बिहारी पाठक, महेश भारद्वाज, गोपाल शरण शर्मा, चंद्रनारायण शर्मा आदि उपस्थित थे।