
महिला श्रद्धालुओं से छेड़छाड़ का वीडियो वायरल, पुलिस ने तीन किशोर लिये हिरासत में
मथुरा। महावन थाना क्षेत्र के रमणरेती श्रेत्र में महिला श्रद्धालुओं से छेड़छाड़ का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो गया। इस मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर तीन किशोर को हिरासत में ले लिया है।
इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में रमणरेती श्रेत्र में सड़क से गुजर रही महिला श्रद्धालुओं के साथ स्कूटी सवार तीन किशोर द्वारा छेड़छाड़ की जा रही है। माना जा रहा है कि सोमवार को चिंताहरण मंदिर में दर्शन को जाते समय महिला श्रद्धालुओं के साथ ये घटना हुई। वीडियो वायरल होने के बाद महावनन थाने की पुलिस सक्रिय हो गई। दारोगा सुभाष कुमार ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। छेड़छाड़ करनने वाले तीन किशोरों को भी पुलिस ने खोज लिया। थाना प्रभारी अरविंद सिंह ने बताया कि किशोरों से पूछताछ की जा रही है। सावन के सोमवार को महावन क्षेत्र में स्थित चिंताहरण मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है। पुलिस ने वीडियो के आधार पर छेड़छाड़ वाली लोकेशन का पता किया। सीसीटीवी के सहारे पुलिस ने किशोर और उनकी स्कूटी का पता किया। एएसपी देहात श्रीश्चंद्र ने बताया कि युवकों ने युवतियों के साथ अभद्रता करने की बात प्रकाश में आई है। इस संबंध में प्रार्थना पत्र के आधार पर तत्काल ही मुकद्दमा पंजीकृत कर लिया है। जिनके साथ छेड़छाड़ की गई, उन महिलाओं का पता नहीं चल पाया।