
एक भारत अखंड भारत के प्रबल समर्थक थे डॉ मुखर्जी : बीएल
डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर 6 जुलाई तक भाजपा मना रही बलिदान पखवाड़ा, हुई संगोष्ठी
मथुरा। भाजपा द्वारा डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस को बलिदान पखवाडा के रूप में 23 जून से 6 जुलाई तक मनाया जा रहा है जिसके उपलक्ष्य में पार्टी द्वारा विभिन्न कार्यक्रम और अभियान आयोजित किए जा रहे हैं। गुरुवार को गोवर्धन रोड स्थित खंडेलवाल सेवा सदन में भाजपा महानगर द्वारा बलिदान पखवाड़ा पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया।
भाजपा महानगर अध्यक्ष घनश्याम लोधी की अध्यक्षता में आयोजित संगोष्ठी का मुख्य अतिथि भारत सरकार के केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा ने डॉ मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया।
केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा ने उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी एक प्रखर राष्ट्रवादी शिक्षाविद जन संघ के संस्थापक हम सबके प्रेरणा स्त्रोत और एक भारत अखंड भारत के प्रबल समर्थक थे। देश की अखंडता के लिए धारा 370 का पुरजोर विरोध किया। एक देश दो विधान नहीं चलेंगे का नारा दिया और अखंड भारत बनाने के लिये जम्मू कश्मीर की यात्रा पर गये और वहीं पर उनकी षड्यंत्र के तहत हत्या कर दी गई। उनका बलिदान आज तक रहस्य एवं जाँच का विषय रहा है। उनके बलिदान के बाद राष्ट्रवादी लोगों का नारा रहा कि जहाँ बलिदान हुए मुखर्जी वो कश्मीर हमारा है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आज देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एक अखंड भारत के सपने को कश्मीर से धारा 370 को हटा कर पूरा किया। आज उनके मार्ग पर भाजपा की सरकार काम कर रही है। आज भारत पीओके को लेकर अखंड भारत बनाने के लिये तैयार है। महापौर विनोद अग्रवाल ने सम्बंधित करते हुए कहा कि आज भारत विश्व पटल पर आगे बढ़ रहा है। आज देश में चहुंमुखी तरफ विकास हो रहा है। आज देश विकसित भारत और विश्व गुरु बनने के लिए आगे बढ़ रहा है।महानगर अध्यक्ष घनश्याम लोधी ने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं को उनके अनुसरण मार्ग पर चलकर राष्ट्रहित कार्यों में लगना होगा तभी डॉ मुखर्जी के सपनों का भारत बनेगा।
संगोष्ठी के संयोजक महानगर उपाध्यक्ष मुकेश खंडेलवाल ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर गोवर्धन विधायक मेघश्याम सिंह ओबीसी मोर्चा क्षेत्रीय महामंत्री बबलू लोधी क्षेत्रीय मंत्री विनोद
चौधरी पूर्व विधायक करिंदा सिंह पूर्व महापौर मुकेश आर्यबंधु चेतन स्वरूप पाराशर डीएन गौतम महानगर महामंत्री प्रदीप गोस्वामी राजू यादव महानगर उपाध्यक्ष श्याम सिंघल संजय शर्मा आदि मौजूद रहे। संगोष्ठी का संचालन महानगर महामंत्री सुनील चतुर्वेदी ने किया।