
भीषण भिड़ंत में 13 की मौत, 100 से अधिक घायल
मथुरा ।घने कोहरे ने मंगलवार तड़के यमुना एक्सप्रेस-वे पर भीषण तबाही मचा दी। थाना बलदेव क्षेत्र के अंतर्गत माइलस्टोन-127 पर सात बसों व तीन अन्य वाहनों की आमने-सामने और पीछे से हुई टक्कर में 13 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 100 से अधिक यात्री घायल हो गए। टक्कर के बाद कई वाहन आग की चपेट में आ गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कोहरा इतना घना था कि कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था। अचानक एक वाहन के रुकते ही पीछे से आ रहे वाहन उससे टकराते चले गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि कुछ ही पलों में आग की लपटों ने कई वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। यात्रियों ने खिड़कियां तोड़कर किसी तरह बाहर कूदकर जान बचाई।जले शव, पहचान में मुश्किल हादसे में चार शव पूरी तरह झुलस गए हैं, जिनकी पहचान संभव नहीं हो सकी। प्रशासन ने उनकी पहचान के लिए डीएनए सैंपलिंग की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अब तक तीन मृतकों की पहचान हो पाई है। अन्य की शिनाख्त का प्रयास जारी है।
रेस्क्यू में जुटीं कई एजेंसियां
सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग, स्वास्थ्य विभाग और यमुना एक्सप्रेस-वे प्राधिकरण की टीमें मौके पर पहुंचीं। करीब एक दर्जन दमकल वाहनों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। घायलों को जिला अस्पताल मथुरा, 100 शैय्या अस्पताल वृंदावन तथा गंभीर रूप से घायलों को एसएन मेडिकल कॉलेज आगरा रेफर किया गया।
बच्चों को बचाकर खुद गंवाई जान
हादसे की सबसे मार्मिक घटना में हमीरपुर निवासी पार्वती (42) ने अपने दोनों बच्चों को बस से सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन खुद आग में फंस गईं और उनकी मौत हो गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पीएम-सीएम ने जताया शोक
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये तथा घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं।घायलों से मिलते वक्त भावुक हुए डीएम जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह और एसएसपी श्लोक कुमार ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना। पीड़ितों की स्थिति देखकर जिलाधिकारी भावुक हो गए और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। उन्होंने चिकित्सकों को इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।जांच के लिए चार सदस्यीय समिति हादसे की जांच के लिए चार सदस्यीय समिति गठित की गई है, जिसकी अध्यक्षता एडीएम प्रशासन करेंगे। समिति 48 घंटे में अपनी रिपोर्ट सौंपेगी।कई किलोमीटर तक जाम
दुर्घटना के बाद आगरा-नोएडा लेन पूरी तरह बंद कर दी गई, जिससे यमुना एक्सप्रेस-वे पर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। बाद में यातायात को वैकल्पिक मार्गों से सुचारू कराया गया।हेल्पलाइन जारी
जिला प्रशासन ने घटना से संबंधित जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 0565-2403200 जारी किया है।








