
ममता सरकार बदलेगी, मुसलमान भी भाजपा को देंगे वोट : निशंक
– योगी आदित्यनाथ आस्था के केंद्र, सही दिशा में कर रहे कार्य
– धर्मस्थलों में और सुव्यवस्था की जरूरत
– मुसलमानों में सभी गुंडे-बदमाश नहीं
मथुरा। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री, सांसद डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ ने कहा है कि पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी सरकार का जाना तय है और आगामी चुनावों में भाजपा की सरकार बनेगी। उन्होंने दावा किया कि अब मुसलमान समाज का एक बड़ा वर्ग भी भाजपा को वोट देगा, क्योंकि उनमें अच्छे, राष्ट्रवादी और देशहित सोचने वाले लोग बड़ी संख्या में हैं।
डॉ. निशंक राष्ट्रीय पत्रकार संघ (एनयूजेआई) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं ब्रज प्रेस क्लब के अध्यक्ष डॉ. कमलकांत उपमन्यु एडवोकेट के छावनी क्षेत्र स्थित आवास पर पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) जैसी जांच एजेंसियां भ्रष्टाचार की जांच के लिए बनी हैं और वे अपना संवैधानिक कार्य कर रही हैं। ममता बनर्जी द्वारा ईडी टीम के साथ किया गया व्यवहार निंदनीय है और यह संकेत देता है कि वे भ्रष्टाचार को छिपाने का प्रयास कर रही हैं।
डॉ. निशंक ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे आस्था के केंद्र हैं और प्रदेश में बेहतर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि केंद्रीय मंत्री रहते हुए उन्होंने धर्मस्थलों और पुजारियों से संबंधित जो नीतियां बनाई थीं, उनके बारे में योगी जी से चर्चा की थी। उनका मानना है कि धर्मस्थलों में अभी और सुव्यवस्थाएं विकसित की जानी चाहिए और इस दिशा में योगी सरकार प्रभावी कार्य करेगी।उन्होंने उत्तराखंड सरकार की भी सराहना करते हुए कहा कि राज्य के युवा मुख्यमंत्री अच्छा काम कर रहे हैं। साथ ही विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में होने वाले चुनावों में भाजपा पुनः विजय हासिल करेगी।
डॉ. निशंक ने राजनीतिक इतिहास का उल्लेख करते हुए कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में ममता बनर्जी समता पार्टी के साथ सरकार में थीं। अटल जी के मजबूत नेतृत्व के कारण ममता नियंत्रण में रहीं, लेकिन वर्तमान में ऐसा नहीं है। उन्होंने दोहराया कि पश्चिम बंगाल में अब ममता सरकार नहीं बनेगी।इस अवसर पर डॉ. कमलकांत उपमन्यु एडवोकेट ने माल्यार्पण कर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ का स्वागत किया।कार्यक्रम में बार एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रदीप शर्मा, सचिव शिवकुमार लवानिया, अधिवक्ता सौरभ गुप्ता, योगेश तिवारी एडवोकेट, चौधरी वीरेंद्र सिंह (पूर्व पार्षद), चंद्रपाल सिंह पोनिया (पूर्व कमिश्नर), डॉ. मुकेश शर्मा, राजवीर सिंह रावत, कैप्टन आर.सी. शर्मा, बॉबी गौतम, हवलदार हरवीर सिंह चाहर, अमर सिंह चौधरी, सुरेश सैनी, नंद किशोर सहित अनेक गणमान्य लोगों ने उनका जोशीला स्वागत किया।








