
श्रीबांकेबिहारी मंदिर कॉरिडोर निर्माण की दिशा में ऐतिहासिक पहल
पहली रजिस्ट्री संपन्न, सुगम दर्शन व ब्रज विकास का मार्ग प्रशस्त
मथुरा।वृंदावन स्थित ठाकुर श्री बांके बिहारी मंदिर के बहुप्रतीक्षित कॉरिडोर निर्माण की दिशा में शुक्रवार को ऐतिहासिक कदम बढ़ा। भूमि की पहली रजिस्ट्री सफलतापूर्वक संपन्न होने के साथ ही कॉरिडोर निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। माननीय उच्चतम न्यायालय के आदेश पर गठित हाई पावर्ड मैनेजमेंट कमेटी तथा जिला प्रशासन के संयुक्त प्रयासों से यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई।
कॉरिडोर निर्माण हेतु बिहारीपुरा क्षेत्र की संपत्ति संख्या–25 के एक भाग (69.26 वर्ग मीटर) की रजिस्ट्री तहसीलदार सदर के पक्ष में की गई। यह विक्रय-विलेख यति गोस्वामी, अभिलाष गोस्वामी एवं अनिकेत गोस्वामी द्वारा सहर्ष संपन्न कराया गया। जिला मजिस्ट्रेट चन्द्र प्रकाश सिंह एवं अपर जिलाधिकारी डॉ. पंकज कुमार वर्मा के प्रयासों से यह प्रक्रिया पूर्ण हो सकी।
कॉरिडोर के निर्माण से वृंदावन में श्रद्धालुओं के दर्शन अधिक सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुगम होंगे। साथ ही धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने से स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। समिति ने स्पष्ट किया है कि जो लोग स्वेच्छा से भूमि उपलब्ध कराएंगे, उन्हें भविष्य में दी जाने वाली सुविधाओं में प्राथमिकता दी जाएगी।
उल्लेखनीय है कि वर्तमान में संकरी गलियों और अत्यधिक भीड़ के कारण श्रद्धालुओं को भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है। कॉरिडोर परियोजना न केवल इस समस्या का समाधान करेगी, बल्कि वृंदावन की धार्मिक व सांस्कृतिक पहचान को संरक्षित रखते हुए आधुनिक तीर्थ सुविधाओं का विस्तार भी करेगी।
जिला प्रशासन ने जनसहयोग की अपील करते हुए कहा है कि यह परियोजना ब्रज क्षेत्र के समग्र विकास में मील का पत्थर साबित होगी और ठाकुर श्री बांके बिहारी जी के भक्तों के लिए एक नई सुविधा युग की शुरुआत करेगी।








