
एक ही परिवार के पांच सदस्यों की संदिग्ध मौत, तंत्र-मंत्र और घरेलू विवाद की आशंका
मथुरा ।महावन थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खप्परपुर में मंगलवार को एक ही परिवार के पांच लोगों की सदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी। बताया जाता है कि तीन बच्चों की हत्या कर दंपती ने भी आत्महत्या कर ली है। मृतक के मोबाइल में एक वीडियो मिला है, जिसमें उसने कहा है कि वह खुद आत्महत्या कर रहा है, किसी को परेशान न किया जाए। घटना की जानकारी मिलते ही आगरा मंडल कमिश्नर, एडीजी आगरा जोन, डीआईजी, डीएम और एसएसपी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी है। सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। आत्महत्या के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। घर की दीवार और एक पर्ची पर भी आत्महत्या करने की बात लिखी है।
प्रथम दृष्टया पता चला है कि गृहस्वामी करीब छह माह से तंत्र-मंत्र के चक्कर में भी था। बच्चों की हत्या गला दबाकर करने की भी आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।प्राप्त जानकारी के अनुसार आज सुबह महावन के गांव खप्परपुर निवासी 35 वर्षीय मनीष जाटव, उनकी पत्नी 32 वर्षीय सीमा, 5 वर्षीय बेटी हनी, 4 वर्षीय प्रियांशी और 2 वर्ष के बेटे पंकज का शव सुबह घर के अंदर पड़ा मिला। जब काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला तो
पड़ोस में रह रहे मनीष के भाई ने
घर जाकर देखा तो घर में पांचों मृत पड़े थे। मनीष ने अपने घर की दीवार पर लिखा है कि मैं मनीष आत्महत्या कर रहा हूं, किसी को परेशान न किया जाए। घर के कमरे में एक पर्ची मिली है, इस पर भी लिखा है कि मैं आत्महत्या कर रहा हूं, किसी को परेशान न किया जाए। बताया गया है कि मनीष की शादी आठ साल पहले मड़नई सादाबाद से हुई थी।
मनीष के दो भाई और हैं, जो गांव में ही अलग-अलग घरों में रहते हैं। मनीष अपनी पत्री और बच्चों के साथ इस मकान में रहता था।
पुलिस ने मनीष के मोबाइल फोन से एक वीडियो भी बरामद किया है, इसमें मनीष कह रहे हैं कि मैं आत्महत्या कर रहा हूं। इसमें किसी का कोई दोष नहीं है। यह भी कहा है कि कुछ दिन पहले उन्होंने साढ़े 12 लाख रुपये की जमीन बेची थी, उसका पैसा भी उन्हें मिल गया है। मौत कैसे हुई है, इसे लेकर पुलिस अभी कुछ भी स्पष्ट नहीं बता पा रही है। जहर खाने और बच्चों की गला दबाकर हत्या करने की आशंका जताई जा रही है। इस परिवार के आत्महत्या के पीछे की आखिर वजह क्या रही, ये फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस जांच में जुटी हुई है। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। बेटी सीमा और दामाद मनीष के साथ मासूम धेवता और घेवती की मौत की खबर मिलते ही विजेन्द्र भी गांव पहुंच गए। विजेन्द्र ने बताया कि बेटी और दामाद से एक दिन पहले ही मिलने आए थे। उन लोगों से बात भी हुई थी। ऐसा कुछ हो जाएगा, इसका अंदाजा भी नहीं था। उन्होंने बताया कि किसी तरह की कोई समस्या तो नहीं थी, लेकिन कुछ समय से मनीष का अपने भाई बिल्लू से विवाद चला आ रहा था। ग्राम खप्परपुर में हुई इस घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों के अनुसार परिवार शांत स्वभाव का था, जिससे यह घटना सभी के लिए चौंकाने वाली है।घटनास्थल पर एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ, डीआईजी शैलेश पांड़े, डीएम सीपी सिंह और एसएसपी श्लोक कुमार पहुंचे। वहीं पोस्टमार्टम गृह पर आगरा मंडल कमिश्नर नगेन्द्र प्रताप ने मृतक के परिजनों से घटना की जानकारी ली। डीएम ने बताया कि मौत कैसे हुई, यह जानने के लिए पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। वीडियो में भी मनीष ने आत्महत्या की बात कही है। पता चला है कि कुछ दिनों से वह तंत्र-मंत्र के चक्कर में था। फिलहाल हर पहलू की जांच की जा रही है। आत्महत्या है या फिर कोई और कारण यह भी पता किया जा रहा है। एसएसपी ने बताया पुलिस ने घर को सील कर दिया है और फॉरेंसिक टीम के साथ मिलकर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से बारीकी से जांच कर रही है। सूत्रों के अनुसार बताया जा रहा है कि प्रथम दृष्टया पत्नी के सिर पर किसी वस्तु से मनीष ने प्रहार किया, प्रि तीन बच्चों का गला दबाया, उनकी मौत के बाद खुद को करंट लगा लिया।








