यमुना में पलटी श्रद्धालुओं से भरी नाव, 10 लोगों की मौत

 

पंजाब से आए श्रद्धालुओं के साथ वृंदावन में बड़ा हादसा, सीएम योगी ने लिया संज्ञान

मथुरा-वृंदावन। वृंदावन में यमुना नदी पर शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां श्रद्धालुओं से भरा स्टीमर पलट जाने से बड़ा हादसा हो गया। अब तक 10 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और हर तरफ चीख-पुकार सुनाई देने लगी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्टीमर में करीब 25 श्रद्धालु सवार थे, जो पंजाब से वृंदावन दर्शन करने आए थे। बताया जा रहा है कि यह हादसा पीपा वाले पुल के पास हुआ। तेज रफ्तार में चल रहा स्टीमर अचानक अनियंत्रित होकर पुल से टकरा गया। टक्कर इतनी तेज थी कि स्टीमर का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गया, जिससे उसमें सवार श्रद्धालु सीधे यमुना नदी में गिर गए।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और गोताखोरों की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। अब तक तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

बताया जा रहा है कि करीब 12 लोग अभी भी लापता हैं, जिनकी तलाश के लिए गोताखोर लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं। यमुना में तेज धारा और कम दृश्यता के कारण बचाव कार्य में दिक्कतें आ रही हैं, लेकिन टीमें पूरी तत्परता के साथ लगी हुई हैं। प्रशासन ने घटनास्थल को घेर लिया है और राहत कार्य तेज कर दिया गया है। स्थानीय लोग भी बचाव अभियान में सहयोग कर रहे हैं।

इस हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। पीड़ित परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस अवसर पर मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी , विधायक मांट राजेश चौधरी , अपर पुलिस महानिदेशक अनुपम कुलश्रेष्ठ , मंडलायुक्त नगेन्द्र प्रताप , पुलिस उप महानिरीक्षक शैलेश कुमार पाण्डेय , जिलाधिकारी श्री चंद्र प्रकाश सिंह , अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमरेश कुमार , नगर मजिस्ट्रेट श्री अनुपम कुमार मिश्रा , उप जिलाधिकारी सदर/ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अभिनव जे जैन स्थलीय निरीक्षण किया। पुलिस विभाग, एस0डी0आर0एफ0, अग्निशमन सेवा, नागरिक सुरक्षा, सेना, गोताखोर आदि द्वारा राहत बचाव का कार्य किया जा रहा है। बॉक्स ———-

मुख्यमंत्री योगी ने जताया दुख

मथुरा में हुए इस हादसे पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि राहत और बचाव कार्य में तेजी लाई जाए तथा घायलों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए। साथ ही मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने के भी निर्देश दिए हैं।

व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें 

Please Share This News By Pressing Whatsapp Button 

विज्ञापन बॉक्स
विज्ञापन बॉक्स

Related Articles

Close
[avatar]