
सीआईएसएफ जवानों ने भैंसा गांव में रोपे पौधे
पर्यावरण संरक्षण के प्रति जवानों ने अपनी कटिबद्धता को दोहराया : विधायक
मथुरा। केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) इकाई आईओसी मथुरा द्वारा रविवार की सुबह जनपद के भैंसा गांव में वृहद वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। गांव में किए गए वृक्षारोपण अभियान में इकाई प्रभारी अभिषेक कुमार साहू के नेतृत्व में समस्त बल सदस्यों एवं गोवर्धन विधानसभा के भाजपा विधायक ठाकुर कारिन्दा सिंह सहित ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। विधायक ठाकुर कारिन्दा सिंह ने ब्रजवासियों से आग्रह करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में पांच पौधे अवश्य लगाने चाहिए। हम सभी की यह नैतिक जिम्मेदारी है कि धरा को हरा-भरा बनाए रखने के लिए समय-समय पर सीआईएसएफ जवानों की तरह पौधे रोपने चाहिए। जिससे हम सभी एक स्वच्छ व शुद्ध वातावरण बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका अदा कर सकें।
सीआईएसएफ यूनिट आईओसी मथुरा के उप कमाण्डेंट अभिषेक कुमार साहू ने पर्यावरण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हम सभी देशवासियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति कटिबद्ध रहना चाहिए। पेड़-पौधों का मानव जीवन में महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने बताया कि जवानों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई गई है। इकाई के जवानों द्वारा समय-समय पर कान्हा की नगरी में विभिन्न स्थानों पर पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी कटिबद्धता को दोहराया गया है। इस मौके पर केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल आईओसी मथुरा इकाई के उप कमाण्डेंट अभिषेक कुमार साहू, विधायक ठाकुर कारिन्दा सिंह, निरीक्षक/कार्य- शैलेन्द्र सिंह बिष्ट, गिरीश कुमार, डीसी पांडेय, महिला निरीक्षक/कार्य- मानक, सहित अन्य बल सदस्य मुख्य रूप से मौजूद रहे।