
प्रबुद्ध सम्मेलन : मंदिरों पर कब्जा कर रही भाजपा, ब्राह्मणों का हो रहा उत्पीड़न – बसपा राष्ट्रीय महासचिव
भाजपा पार्टी ब्राह्मणों को देती है गाली : सतीश चन्द्र मिश्र
मथुरा। 2022 में होने वाले विधान सभा चुनावों को लेकर राजनीतिक पार्टियों ने अब जाति समीकरण मजबूत करने का कार्य शुरू कर दिया है। विपक्ष अब ब्राह्मण समाज को लुभाने में जुटा हुआ, जिसको लेकर शनिवार दोपहर बसपा के प्रबुद्ध सम्मेलन में पहुंचे महासचिव सतीश चन्द्र मिश्र ने कहा भाजपा मंदिरों पर कब्जा कर रही है और ब्राह्मणों का उत्पीड़न भाजपा सरकार में हो रहा है। भाजपा ऐसी पार्टी है जो ब्राह्मणों को गाली देती है। बसपा किसी भी दल से गठबंधन नहीं करेगी। उसका गठबंधन जनता के साथ हो गया है।
शनिवार को गोवर्धन कस्बे में प्रबुद्ध सम्मेलन में बसपा महासचिव सतीश मिश्र ने कहा वर्तमान सरकार भ्रष्टाचार-लूट जैसी घटनाओं पर अंकुश नहीं लगा पा रही है। आज भी महिलाओं के साथ उत्पीड़न हो रहा है। हत्याएं हो रही हैं। डकैती हो रही है, लेकिन सरकार कुछ नहीं कर पा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने एक ओर जहां देश की तमाम बड़ी संस्थाएं और कंपनियों को अडानी-अंबानी जैसे व्यापारियों के हाथों बेचने का काम किया है, वहीं दूसरी ओर मंदिर और मठों पर कब्जा करने में लगी हुई है। किसानों की आवाज दबाई जा रही है। काले कानून बनाकर आम जनता और किसानों का उत्पीड़न किया जा रहा है। उन्होंने कहा भगवान श्रीकृष्ण सबके हैं। हम भी उनका आशीर्वाद लेने आए हैं। वहीं कानपुर के बिकरू कांड में मारे गए विकास दुबे के भतीजे की पत्नी खुशी दुबे की जमानत के बारे में उन्होंने कहा कि हम तो बाराबंकी जेल में बंद खुशी दुबे की हर संभव मदद करेंगे। सतीश मिश्र ने कहा कि भाजपा के नेता कहते हैं कि ब्राह्मण आखिर जाएगा कहां, भाजपा के अलावा ब्राह्मण के पास कोई रास्ता नहीं है। ऐसे में ब्राह्मणों को तय करना है कि ब्राह्मणों का उत्पीड़न कर वोट के वक्त लुभावने वादे कर लूटने वाली पार्टी का साथ देंगे या दलित और ब्राह्मणों का सम्मान करने वाली बसपा का। 2022 में ब्राह्मण और दलित के सहारे उन्होंने सरकार बनाने का दावा भी किया। पूर्व शिक्षा मंत्री पं. श्याम सुंदर शर्मा ने कहा कि भाजपा राम मंदिर निर्माण कराना ही नहीं चाहती। इच्छाशक्ति होती तो मंदिर बन गया होता। भाजपा को राम लला के नाम पर चुनावी नैया पार करनी है, इसलिए दान और चंदा एकत्र किया गया है। अब जागरूक ब्राह्मण इन रुपयों का हिसाब मांग रहा है, तो भाजपा नेता परेशान हो रहे हैं। इस जिले में गुंडा टैक्स लगता था, बसपा की सरकार ने गुंडा टैक्स समाप्त किया। समाजवादी जैसे ही सत्ता में आई, फिर से गुंडागर्दी शुरु हुई। 100 डायल पुलिस चलाई तिराहे चौराहों पर टैक्स बसूली शुरु हो गई। इससे ऊपर जब सरकारी आई तो पुलिस का नम्बर 100 से बढ़ा कर 112 हो गया। जमकर लूट हो रही है। सम्मेलन में इस दौरान मंच पर पूर्व कैबिनेट मंत्री नकुल दुबे,पूर्व मंत्री श्यामसुंदर शर्मा,पूर्व विधायक राजकुमार रावत ,पूर्व जिला अध्यक्ष,संघ रतन सेठी,गोवर्धन सिंह,बंटू रावत,श्रीधर पाठक ,लखन शर्मा,सुरेश शर्मा बस वाले तथा बसपा जिलाध्यक्ष हेमेंद्र सिंह बघेल, मंडल कॉर्डिनेटर दारासिंह आजाद, मंडल कॉर्डिनेटर गोरे लाल पूर्व जिलाध्यक्ष गोवर्धन सिंह, संघ रतन सेठी, डॉ ललित शर्मा, सत्य प्रकाश कर्दम, अनुराग दीक्षित आदि मोजूद रहे।