
जीत के बाद कांग्रेस माफ करेगी किसानों का कर्जा व बिजली बिल : भगवान सिंह वर्मा
कांग्रेसियों ने दी गांव-गांव घर-घर दस्तक, सुनी समस्याएं किया सहभोज
-राजीव गांधी के जन्मदिवस पर आयोजित हो रहा है तीन दिवसीय जय भारत महासंपर्क अभियान
-केन्द्र और राज्य की सरकार किसान विरोधी : रोहित चौधरी
मथुरा। पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के जन्म दिवस के अवसर पर जिला व शहर कांग्रेस द्वारा आयोजित तीन दिवसीय जय भारत महासंपर्क अभियान के अंतर्गत पहले दिन कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों ने जिले के 10 ब्लॉक में चिन्हित किए गए 10 गांव में डेरा डाला और ग्रामीणों के घर-घर में दस्तक दी। कार्यकर्ताओं ने न केवल ग्रामीणों से उनकी समस्याएं जानी बल्कि उनके साथ सहभोज का भी आनंद लिया। पदाधिकारियों ने आगामी 2022 के चुनाव में कांग्रेस के घोषणा पत्र में शामिल बातों से भी किसान व ग्रामीणों को अवगत कराया।
गुरुवार को पदाधिकारियों ने मथुरा-वृंदावन के बाबूगढ़, बलदेव के जटौरा, मांट के कराहरी, नौहझील के सल्ल, राया के श्यौरा, छाता के सेही, नंदगांव आदि में जनसंपर्क किया। जिलाध्यक्ष भगवान सिंह वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे मुख्य अतिथि पार्टी के राष्ट्रीय सचिव रोहित चौधरी ने कहा कि केन्द्र और राज्य की सरकार किसान विरोधी है। भाजपा सरकार द्वारा लाए गए कृषि कानूनों से पूरा देश का किसान आक्रोशित है। यह सरकार देश हित के लिए नहीं बल्कि पूंजीपतियों के लिए कार्य कर रही है। विशिष्ट अतिथि प्रदेश सचिव व प्रभारी मथुरा योगेश तालान ने कहा कि आज प्रत्येक कार्यकर्ता गांव-गांव घर-घर दस्तक देकर ग्रामीणों को भाजपा का असली चेहरा बता रहा है। इस सरकार में गरीब, किसान, मजदूर, व्यापारी कोई भी वर्ग खुश नहीं है। ऐसी सरकार को सत्ता में बने रहने का भी कोई अधिकार नहीं है। विशिष्ट अतिथि पूर्व सीएलपी लीडर प्रदीप माथुर ने कहा कि भाजपा के शासन में महंगाई चरम सीमा पर है। पेट्रोल-डीजल के दाम दिन-प्रतिदिन बढ़ रहे हैं। भ्रष्टाचार, लूट, हत्या आदि घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही है। यह सरकार जनता के किसी भी वादे पर खरा नहीं उतर सकी है। चुनाव में किए गए सभी वादों को यह सरकार पूरी तरह भूल चुकी है। अब वह एक-एक कर देश की संपत्तियों को बेचने में लगी है। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जिलाध्यक्ष भगवान सिंह वर्मा ने कहा कि महामारी के दौर में सरकार काले कानून पास कर देश के अन्नदाता को बर्बाद करने का काम कर रही है। देश के अन्नदाता की आज जो दुर्दशा भाजपा शासन में हो रही है, वह बेहद निंदनीय है। उन्होंने आगामी 2022 के चुनाव के घोषणा पत्र की प्रमुख बातें किसानों व ग्रामीणों के समक्ष रखते हुए कहा कि इस चुनाव में कांग्रेस की जीत के बाद सर्वप्रथम गरीबों, किसानों व ग्रामीणों का कर्जा व बिजली बिल माफ किया जाएगा। साथ ही गांव की जनता को खुले घूमते जानवरों से निजात भी दिलाई जाएगी। इस मौके पर पदाधिकारियों ने गांव के स्वतंत्रता सेनानी, आशा कार्यकर्ती, सैनिक परिवार, सफाई कर्मी व शिक्षामित्रों को उनके उत्कृष्ट कार्य करने पर स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम के अंतर्गत जगह-जगह नुक्कड़ सभाएं आयोजित कर ग्रामीणों से संवाद भी किया गया। शाम को पदाधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्र से फेसबुक लाइव होकर दिनभर के क्रियाकलापों से लोगों को अवगत कराया। इस मौके पर शहर अध्यक्ष एमएम शर्मा, एआईईई मोहन सिंह, महिला जिलाध्यक्ष नीलम कुलश्रेष्ठ, उपाध्यक्ष मोहन सिंह चौधरी, उपाध्यक्ष श्याम चौधरी, राहुल अरोड़ा, सचिव सिम्मी बेगम, अजय शर्मा, सेवादल अध्यक्ष प्रकाश शर्मा, मीरा दीदी, ऊषा माहौर, मरजीना, प्रदेश को-कॉर्डिनेटर सोशल मीडिया श्याम दुबे, ब्लॉक अध्यक्ष रामभरोसी सिंह, डॉ भजन लाल, अजय कुमार, महावीर सिंह, विक्रम जायसवाल, गिर्राज, पूरन निषाद, जगदेव निषाद, नथोल सिंह, रामकिशोर, राजू, बनै सिंह, रघुवीर, हरिचंद जायसवाल, खजान सिंह, हरि सिंह, पूरन, सुखवीर, देवदत्त, निषाद, छत्रपाल, राजू, रतन, रामजीत, श्याम लाल, प्रहलाद, मुरारी, बद्री, रोशन, राधारमन, अजब सिंह, नारायण, जमुना प्रसाद, डॉ ज्ञानी, गोकुल, अनूप निषाद, चरन सिंह आदि मौजूद रहे।