सैंकड़ों की तादाद में मथुरा से सीतापुर पहुंचे कांग्रेसी, काटा हंगामा

 

अपनी नाकामी को छिपाने की कोशिश में लगी है भाजपा : भगवान सिंह वर्मा 

 

-पीएसी गेस्ट हाउस के बाहर मथुरा के कांग्रेसियों ने की नारेबाजी 

मथुरा। लखीमपुर खीरी हिंसा में मारे गए किसानों के परिवारों से मिलने जा रही प्रियंका गांधी की  गिरफ्तारी की खबर मिलते ही पूर्व सीएलपी लीडर प्रदीप माथुर तथा कांग्रेस जिलाध्यक्ष चौधरी भगवान सिंह वर्मा के नेतृत्व में प्रतिनिधि मंडल सीतापुर के लिए रवाना हो गया। 

मंगलवार को सीतापुर स्थित पीएसी के गेस्ट हाउस के बाहर सैंकड़ों की संख्या में मथुरा से पहुंचे पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने धरना दिया। उन्होंने भाजपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर निर्दोष प्रियंका गांधी को शीघ्र रिहा करने की मांग की। पूर्व सीएलपी लीडर प्रदीप माथुर ने कहा कि प्रियंका गांधी की गिरफ्तारी से आंदोलन किसानों के न्याय की गूंज को और मजबूती मिलेगी। लखीमपुर खीरी के तिकुनिया क्षेत्र में हुई हिंसा निंदनीय है। सरकार को दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जिस गेस्ट हाउस में प्रियंका गांधी जी को रखा गया है, उसे पीएसी के जवानों ने इस तरह से अपने घेरे में ले रखा है जैसे वह किसी बहुत बड़े अपराध में गिरफ्तार हुईं हों। प्रियंका गांधी द्वारा कल से अब तक अन्न का एक दान ग्रहण नहीं किया गया है। वह उपवास पर हैं। जिलाध्यक्ष भगवान सिंह वर्मा ने कहा कि आखिर भाजपा क्यों नहीं चाहती कि प्रियंका गांधी मृतकों के परिजनों से मिले। इसके पीछे उनकी मंशा ठीक नजर नहीं आ रही है। बिना किसी वारंट के आखिर पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार क्यों किया, इसका भी जवाब अब सरकार को देना होगा। प्रदेश सरकार अपनी नाकामियां छिपाने की कोशिश कर रही है। उसका यह रवैया अहंकार भरा है। पीड़ित परिवार को संवेदना देने की जगह योगी सरकार विपक्षी नेताओं को टारगेट कर रही है। कांग्रेस ने प्रियंका गांधी को तुरंत रिहा करने की मांग की है। जल्द ही उनकी रिहाई नहीं हुई तो कांग्रेस आंदोलन को मजबूर होगी। उन्होंने बताया कि पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव श्रीमती प्रियंका गांधी लगातार उपवास पर हैं। उन्होंने योगी सरकार और प्रशासन से साफ शब्दों में कहा है कि जब तक वे मृतक किसानों के परिजनों से नहीं मिलेंगी तब तक वह सीतापुर नहीं छोडेंगी। प्रियंका गांधी ने मृतक किसानों के परिवारों को 2 करोड़ रुपए मुआवजा व परिजनों को नौकरी के अलावा दोषियों को अभिलंब सजा, केंद्रीय मंत्री का इस्तीफा और उसके पुत्र को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग की है। शहर अध्यक्ष मथुरा पंडित एमएम शर्मा ने कहा कि योगी सरकार ने अंग्रेजों की याद ताजा कर दी। जिस तरह अंग्रेजों ने कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को झूठे केस लगा कर जेलों में बंद किया था, उसी तर्ज पर आज योगी सरकार ने पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव श्रीमती प्रियंका गांधी जी को झूठे केस में फंसाकर बंद कर दिया है। प्रियंका गांधी ने धारा 144 का कोई भी उल्लंघन नहीं किया है, जिस समय गिरफ्तारी हुई उस समय मात्र गाड़ी में चार व्यक्ति थे। इस दौरान जिलाध्यक्ष मथुरा चौधरी भगवान सिंह वर्मा एडवोकेट, प्रदेश सचिव मुकेश धनगर, शहर अध्यक्ष मथुरा पंडित एमएम शर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष मथुरा आबिद हुसैन, जिला उपाध्यक्ष मथुरा ठाकुर वीरेंद्र सिंह, जिला सचिव मथुरा रामगोपाल सिंह, जिला सचिव मथुरा पीपी सिंह आदि मौजूद रहे। 

व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें 

Please Share This News By Pressing Whatsapp Button 

विज्ञापन बॉक्स
विज्ञापन बॉक्स

Related Articles

Close
[avatar]