
कार्तिक पूर्णिमा पर दीपों से जगमगाएंगे यमुना के सभी घाट।
मथुरा ।देवदीपावली महोत्सव समिति द्वारा विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी कार्तिक पूर्णिमा 19 नवंबर शुक्रवार को बनारस व अयोध्या के तर्ज पर श्री यमुना जी के सभी पौराणिक 25 घाटों को दीपमालिकाओं से रोशन किया जायेगा।
इस सम्बन्ध में देव दीपावली महोत्सव समिति की बैठक महोत्सव समिति के अध्यक्ष पं सोहन लाल शर्मा कातिब एडवोकेट की अध्यक्षता में उनके जगन्नाथ पुरी स्थित निवास पर आयोजित की गई।
इस अवसर पर पं सोहन लाल शर्मा ने कहा कि शास्त्रों व पुराणों के अनुसार आषाढ़ पूर्णिमा से कार्तिक पूर्णिमा तक चातुर्मास में चार महीने तक ब्रजमंडल में 33 करोड़ देवी देवताओं व सभी तीर्थों का निवास रहता है यह मान्यता अनादि काल से प्रचलित है।हम सभी धर्मावलंबियों के आराध्य देव 33 करोड़ देवी देवताओं के सम्मान में देव दीपावली महोत्सव समिति द्वारा विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी कार्तिक पूर्णिमा 19 नवंबर को यमुना जी के सम्मुख महर्षि वेदव्यास जी की साधना स्थली कृष्णगंगा घाट से श्री ध्रुव जी महाराज की तपस्थली ध्रुव घाट तक सभी पौराणिक 25 घाटों पर हजारों की संख्या में दीप प्रज्ज्वलित कर विश्व कल्याण की कामना करते हुए राष्ट्र के लिए समर्पित हुए अमर शहीदों एवं कोरोना, डेंगू जैसी आपदा में मृतकों की आत्मशान्ति और अपने परिवार की सुख समृद्धि ऐश्वर्य प्राप्ति तथा अपने पूर्वजों की पुण्यस्मृति में किया जा रहा है। उन्होंने सभी ब्रजवासियों से महोत्सव को सफल बनाने में सहयोग प्रदान करने के लिए अपील की।
बैठक में महोत्सव समिति के महामंत्री आचार्य ब्रजेन्द्र नागर ने कहा कि महोत्सव का मुख्य उद्देश्य है ब्रज के सर्वसमाज को जोड़ना और ब्रज की प्राचीन संस्कृति व परम्पराओं को घर घर तक पहुंचाकर राष्ट्रप्रेम को जागृत करना। उन्होंने कहा कि महोत्सव का शुभारंभ परम्परागत रूप में विश्राम घाट के समीप सतीबुर्ज राजाघाट पर ब्रज के पूज्य सन्त धर्माचार्यों व माननीय अतिथियों द्वारा सायं 5 बजे दीप प्रज्ज्वलित कर किया जाएगा उसके पश्चात सभी 25 घाटों पर दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। महोत्सव में सभी घाटों पर आकर्षक लाइटिंग व ब्रज के सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। यमुना जी में नाव पर मनोहर झांकियां भी सजाई जाएंगी। श्री नागर ने बताया कि महोत्सव को इस बार और भी अधिक भव्यता प्रदान करने के लिए जिला प्रशासन से व्यवस्थाओं में सहयोग प्रदान करने के लिए महोत्सव समिति के पदाधिकारियों के प्रतिनिधि मंडल द्वारा पत्र दिया गया जिसमें जिलाधिकारी श्री नवनीत सिंह चाहल, एसडीएम श्री क्रांति शेखर, नगर मजिस्ट्रेट श्री जवाहर लाल श्रीवास्तव ने महोत्सव को भव्यता के साथ करने के लिए पूर्व की भांति सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया।
बैठक में प्रमुख रूप से महोत्सव समिति के मंत्री विजय बहादुर सिंह, योगेश उपाध्याय आवा,अजय चतुर्वेदी,पं पंकज शर्मा, डा जमुना शर्मा, मीडिया प्रभारी महेंद्र दत्त आचार्य, प्रचार प्रमुख नारायण प्रसाद शर्मा,सहप्रचारप्रमुख विवेक उपाध्याय, कोषाध्यक्ष धर्मेन्द्र अग्रवाल, आय-व्यय निरीक्षक आलोक नागर, रामकुमार सारस्वत, कानूनी सलाहकार महेश चन्द्र अग्रवाल एडवोकेट, राजेन्द्र केशोरैया, मुकुट मणि शर्मा, प्रेम चंद अग्रवाल भगतजी,पी पी शर्मा आदि ने भी अपने सारगर्भित विचार व्यक्त किए और सभी ब्रजवासियों से महोत्सव को सफल बनाने हेतु अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर यमुना जी के सम्मुख दीप प्रज्जवलित कर पुण्य लाभ प्राप्त करने की अपील की है।