
कांग्रेस ने देश के चहुंमुखी विकास के लिए कार्य किया है : प्रदीप माथुर
जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी ने मनाया भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का 137वां स्थापना दिवस
सांप्रदायिक शक्तियों को कांग्रेस का सर्वधर्म समभाव का नारा कभी रास नहीं आया : जिलाध्यक्ष
आज कांग्रेसी करेंगे प्रदेश की प्रभारी राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका का स्वागत
मथुरा। जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी कार्यालय पर मंगलवार भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का 137वां स्थापना दिवस मनाया गया। साथ ही बुधवार को दिल्ली से फिरोजाबाद जाते हुए राया कट पर प्रदेश की प्रभारी राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी के स्वागत की तैयारियों पर चर्चा की गई।
मंगलवार जिला कार्यालय पर जिलाध्यक्ष चौधरी भगवान सिंह वर्मा ने कहा कि सांप्रदायिक शक्तियों को कांग्रेस का सर्वधर्म समभाव का नारा कभी रास नहीं आया, आज भी ये सांप्रदायिक शक्तियां उसी प्रकार बांट देना चाहती हैं। उन्होंने कहा कि बुधवार को राष्ट्रीय महासचिव और उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी फिरोजाबाद जा रहीं हैं, उनके स्वागत के लिए राया कट पर सभी कांग्रेसी उनका स्वागत करने के लिए सुबह 11 बजे यमुना एक्सप्रेस वे के राया कट पर पहुंचे। जिला महिला कांग्रेस की अध्यक्ष नीलम कुलश्रेष्ठ ने कहा कि आने वाले चुनावों में सभी एकजुट होकर प्रियंका गांधी की प्रतिज्ञा को लेकर जनता के बीच में जाएं। इस अवसर पर उपाध्यक्ष भोला यादव, सुनील उपाध्याय ने भी विचार व्यक्त किए। संचालन विक्रम वाल्मीकि ने किया।
मंगलवार दोपहर महानगर कार्यालय पर मनाए गए स्थापना दिवस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व कांग्रेस विधान मंडल नेता एवं पूर्व विधायक प्रदीप माथुर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने देश की आजादी की लड़ाई सफलतापूर्वक लड़ी और उसके बाद कांग्रेस की विभिन्न सरकारों ने देश की एकता और अखंडता को बरकरार रखते हुए देश के चहुंमुखी विकास के लिए कार्य किया है। महानगर कांग्रेस अध्यक्ष मदन मोहन शर्मा ने कहा कि कांग्रेस का एक गौरवशाली इतिहास है। सोहन सिंह सिसोदिया ने कहा कि कांग्रेस के हर कार्यकर्ता को तैयार हो जाना चाहिए और कांग्रेस पार्टी से अधिक से अधिक नई सदस्यों को जोड़ने का कार्य तेजी से किया जाना चाहिए। पूर्व अध्यक्ष आबिद हुसैन ने कहा कि आज बहुत ही हर्ष का दिन है की हम पार्टी का 137वां स्थापना दिवस मना रहे हैं।