
शिवरात्रि में : गूंजी बम-बम की लहर, शिवमय हुई कान्हा की नगरी
बैण्ड बाजों की धुन पर खूब चढ़ी जेहर, शिवालयों में फूलबंगले के साथ-साथ जागरण के हुए आयोजन
मथुरा। भगवान श्रीकृष्ण की जन्मस्थली में शिवरात्रि का पावन पर्व मंगलवार को धूमधाम से मनाया गया। हर-हर महादेव एवं बम-बम भोले की गूंज से वातावरण भक्ति से सराबोर हो गया। मंगलवार सुबह से ही रंगेश्वर महादेव, भूतेश्वर महादेव, गर्तेश्वर महादेव, गोकर्णनाथ महादेव, चिंताहरण, गरूण गोविंद आदि देवालयों में पूजा अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। भक्तों द्वारा बेलपत्र, फल, फूल आदि के साथ शिव प्रतिमाओं का जलाभिषेक किया गया। कांवडियों ने गंगाजल से शिव प्रतिमाओं का जलाभिषेक किया। भगवान शिव के भक्तों ने पूरे मनोयोग से महादेवजी का पूजन किया। महिला-पुरूषों ने व्रत धारण कर शिव उपासना की। नवविवाहित महिलाओं तथा पुत्ररत्न प्राप्त करने वाली माताओं ने मंगलवार को शिव मंदिरों में जेहर चढ़ायीं। सुबह से लेकर देर रात्रि तक बम-बम भोले के जयकारों से शहर गूंजता रहा। सुरक्षा की दृष्टि से प्रमुख शिव मंदिरों पर पुलिस बल तैनात रहा।
मंगलवार कान्हा की नगरी ‘बम-बम भोले’ के उदघोषों से गूंज गयी। शिवरात्रि के मौके पर जहां शिव मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा वहीं कांवर चढाने वाले और जेहर चढाने वालां की भी बैण्ड बाजों से अगुवाई और शिवालयों तक पहुंचने के बीच मंगलगीतां से बाजार घाट भी गुंजायमान हो गये। चारों ओर भगवान शिव की जय जयकार गूंज रही थी। प्रमुख मंदिरों और गली मौहल्लों में बने देवालयों पर भी आज के दिन महिला, पुरूष, बच्चे सभी ने बढ चढकर पूजा अर्चना और शिवजी को जलाभिषेक कराया। पूरे ब्रजमण्डल में बाबा भोलेनाथ के जयकारे गूंजने की खबरें मिली हैं। महाशिवरात्रि पर्व को लेकर जहां घरों में व्रत, उपवास किये गये वहीं शिवजी पर बेलपत्र, पुष्प और फलों का भोग अर्पित किया गया। शिव भक्ति में डूबे ब्रजवासी भगवान शिव शंकर का नमन करते पूजा-अर्चना में लीन नजर आये। महिलाओं में तो आज महाशिवरात्रि को लेकर शुरू से ही धार्मिक आयोजनों का क्रम चलता रहा। जिन लोगों की नई शादी हुयी है उनके परिवारों से सिर पर घड़े जेहर स्वरूप बैण्ड बाजों के साथ शिवालयों पर जाती दिखाई दीं। वहीं कांवड़ियों ने भी भगवान शिव पर दूर-दूर से गंगा-यमुना के लाये जल को अर्पित किया। पूरे ब्रजमण्डल में भगवान की महाशिवरात्रि का पर्व अपूर्व उल्लास, श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया। मथुरा के प्रमुख रंगेश्वर महादेव, भूतनाथ मंदिर भूतेश्वर, गोविंदनगर स्थित गर्तेश्वर मंदिर, आकाशवाणी स्थित नीलकंठ महादेव, गोकुरणनाथ महादेव, महावन में चिंताहरण महादेव, गोवर्धन में चकलेश्वर महादेव, नंदगांव में नंदेश्वर महादेव, बरसाना, राया, दाऊजी, गोकुल के शिवालयों में भी महाशिवरात्रि पर्व की धूम मची रही। वृन्दावन में गोपेश्वरनाथ मंदिर पर भी शिवभक्तों का सुबह से तांता लगा रहा। महाशिवरात्रि पर्व पर आज ज्यादातर महिला-पुरूषों और बच्चों ने उपवास रखकर भगवान शिव की आराधना की। पूजा-अर्चना और मंगलगीत, भजन-कीर्तन और मां पार्वती को नमन किया