
उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को नारी शक्ति सम्मान-2022 से नवाजा
महिलाएं हर क्षेत्र में बना रही अपनी अलग पहचान : किरण चौधरी
’संस्था ’नवचेतन एक आह्वान’ ने कलाकार सीमा मोरवाल व वरिष्ठ साहित्यकार डॉ अनीता चौधरी समेत दो दर्जन महिलाएं सम्मानित कीं’
’’नवचेतन एक आह्वान’ संस्था भविष्य में सेवा कार्यों का करेगी विस्तारः अरविंदम चतुर्वेदी’
मथुरा। ’संस्था नवचेतन (एक आह्वान)’ के तत्वावधान में समाज में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को ’नारी शक्ति सम्मान- 2022’ से सम्मानित किया गया। वात्सल्य ग्राम के ’संविद गुरुकुलम विद्यालय’ के सभागार में आयोजित अभिनंदन समारोह की अध्यक्ष भाजपा की जिलाध्यक्ष श्रीमती मधु शर्मा ने समाज में अपने-अपने क्षेत्र में अहम योगदान देने वाली महिलाओं की सराहना की व उन्हें लगातार आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
मुख्य अतिथि जिला पंचायत राज अधिकारी श्रीमती किरण चौधरी ने कहा कि जिस तरह महिलाएं विभिन्न क्षेत्रों में अपनी पहचान बना रही हैं और अपने कार्यों से समाज में लगातार योगदान दे रही हैं, उससे यह आंकलन किया जा सकता है कि ’नारी सशक्तिकरण’ का ध्येय अब पूरा होने जा रहा है। इसी सशक्तिकरण के कारण ही मथुरा में 200 से ज्यादा महिला ग्राम प्रधान अपने- अपने गांवों का विकास करा रही हैं। शिक्षा व चिकित्सा के क्षेत्रों में महिलाएं बेहतर कार्य कर रही हैं।
’नवचेतन’ संस्था के संस्थापक अरविंदम चतुर्वेदी ने संस्था के कार्यों से महिलाओं को अवगत कराते हुए बताया कि संस्था पिछले 10 वर्ष से सेवा के कार्य में संलग्न है। स्ट्रीट चाइल्ड के लिए एक विद्यालय भी संचालित कर रही है। समाज में उत्कृष्ट योगदान देने वाले लोगों को समय-समय पर सम्मानित करती है। संस्था अध्यक्ष भावना शर्मा ने बताया कि किस तरह नवचेतन संस्था स्ट्रीट चाइल्ड के लिए स्कूल संचालित कर सड़क पर रहने वाले परिवारों के बच्चों को शिक्षित कर रही है।
समारोह का संचालन करते हुए चंद्र प्रताप सिंह सिकरवार ने ’नारी शक्ति सम्मान-2022’ से सम्मानित हुई महिलाओं का परिचय प्रस्तुत किया। लोक कला के क्षेत्र में डॉ सीमा मोरवाल को, चिकित्सा के क्षेत्र में डॉ पूनम अग्रवाल, डॉ चारू जैन, रेडियोलॉजिस्ट डॉ नीतू सिंह और वरिष्ठ साहित्यकार एवं कई पुस्तकों की लेखिका डॉ अनीता चौधरी को उनकी सेवाओं के लिए ’नारी शक्ति सम्मान-2022 प्रदान किया गया। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने के लिए बलदेव पब्लिक स्कूल की प्राचार्य डॉ अनीता सी सिकरवार, संविद गुरुकुलम स्कूल की प्राचार्य डॉ आस्था भारद्वाज व पीडी मॉडर्न पब्लिक स्कूल की प्राचार्य श्रीमती छाया गौतम व वंदना तिवारी को मंच पर सम्मानित किया। अधिवक्ता अनीता चावला, पत्रकार श्रीमती प्रतिभा सिंह, समाजसेवी गीता नथानी, वंदना शर्मा, अमिता शर्मा, वंदना तिवारी, सीमा शर्मा, नेहा खंडेलवाल, ब्रजराज रानी खंडेलवाल व श्रीमती श्रेष्ठा जैन आदि को भी प्रशस्ति पत्र, माला व पटुका प्रदान कर सम्मानित किया गया।
प्रारंभ में संविद गुरुकुलम की छात्राओं ने गणेश वंदना प्रस्तुत की। गायक जे एस मधुकर ने भजन गाया। समारोह में श्रीमती कल्पना गर्ग, प्रतिभा शर्मा एडवोकेट, निधि शर्मा, चीनू जैन, विनीता, प्राचार्य डॉ वेद प्रकाश शर्मा, समाजसेवी महेश पांडे, दीपचंद अग्रवाल दीपक, दीपक गोस्वामी, सतीश शर्मा, नरेंद्र एम चतुर्वेदी आदि समेत अनेक गणमान्य महिला व पुरुष उपस्थित थे।