
राम में हुई कृष्ण की नगरी, नगर में निकली भव्य शोभायात्रा
मथुरा। भगवान श्रीकृष्ण की नगरी में रामनवमी महोत्सव रविवार धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर शहर के घीया मंडी स्थित रामचंद्रजी मंदिर में प्रातः काल भगवान राम का अभिषेक किया गया तत्पश्चात नगर में भगवान राम की भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसका राम भक्तों ने जगह-जगह स्वागत किया। राम जन्म शोभायात्रा में दक्षिण शैली के रथ में विराज कर श्रीराम ने भक्तों को दर्शन दिये तो भक्त स्वयं को धन्य मान्य रहे थे। श्रीकृष्ण की नगरी में 79 वीं परंपरागत शोभायात्रा का पग- पग पर स्वागत हुआ।
इस दौरान श्रीराम जन्म महोत्सव समिति के तत्वावधान में राम नवमी पर घीया मंडी स्थित प्राचीन श्रीराम मंदिर से भव्य 79 वीं परंपरागत राम जन्म शोभायात्रा विभिन्न कलात्मक झाँकियों, बैंड, काली अखाड़े से सुसज्जित होकर निकाली गयी जिसका मार्ग में पग- पग पर भक्तों द्वारा पुष्प वर्षा, आरती कर व शीतल पेय से स्वागत किया गया, दक्षिण शैली के रथ में विराजमान होकर प्रभु ने भक्तों को नगर भ्रमण के दौरान मनोहारी दर्शन दिये।
शोभायात्रा में सर्वप्रथम धर्म ध्वजा, गणेशजी की झांकी, डी. जे. की धार्मिक भजनों पर नृत्य करते हुए युवाओं का बड़ा समूह, हनुमानजी की झांकी, देवी दुर्गा की झांकी, काली अखाड़े में पटेबाजी का प्रदर्शन करते पटेबाज, काली के स्वरूप का शौर्य प्रदर्शन, बैंड की धार्मिक स्वरलहरियों पर नृत्य करती सखियाँ अंत में आकर्षण का केंद्र रहा प्रभु का रथ व मनोहारी दर्शन. संत महंतों के सानिध्य में बड़ी संख्या में विभिन्न धार्मिक , सामाजिक संगठनो के लोग व भक्त चल रहे थे।
संतों द्वारा रथ में विराजमान प्रभु की आरती कर शोभायात्रा का शुभारंभ किया। प्रातः मंदिर में प्रतिष्ठित प्रभु के श्रीविग्रह का वैदिक रीति से पंचामृत महाभिषेक सेवायत द्वारा किया। दोपहर में जन्म दर्शन ,आरती व बधाई गायन हुआ। शोभायात्रा में प्रमुख रूप से सुदामा कुटी वृंदावन के श्रीमहंत द्वाराचार्य सुतीक्ष्ण दास महाराज, महामंड लेर्श्व नवल गिरी महाराज संत राजा बाबा, महंत राधाकान्त गोस्वामी , संत मोहिनी बिहारी शरण, कन्हैयादास महाराज, समिति अध्यक्ष राजेंद्र भगत, महामंत्री हेमंत चतुर्वेदी, मंत्री मनुऋषि त्रिवेदी, उपाध्यक्ष केशव पंडित, प्रचार मंत्री पंडित अमित भारद्वाज, शोभायात्रा मंत्री पं. शशांक पाठक, रमन लाल शर्मा, नितिन पटवारी राम प्रसाद सोनी, चिन्मय शर्मा, राहुल दुबे, अभिषेक भारद्वाज, पवन सराफ, भोलानाथ, निखिल वार्शने आदि के अलावा बड़ी संख्या में भक्त राजा रामचंद्र की जय का जयघोष कर चल रहे थे।