
अग्निपथ के विरोध : कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया पीएम-सीएम का पुतला फूंकने का प्रयास, पुलिस से हुई नोंकझोंक, करीब डेढ़ दर्जन हिरासत में
मथुरा। केंद्र सरकार की 4 वर्ष के लिए सेना में युवाओं को भर्ती करने की योजना अग्निपथ का विरोध में शनिवार को होलीगेट पर कांग्रेसियों ने जमकर प्रदर्शन करते हुए प्रधानमंत्री और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री का पुतला फूंकने का प्रयास किया। जिसको लेकर मामूली रूप से कांग्रेस कार्यकर्ता की पुलिस से नोंकझोंक हो गई। पुलिस ने इस दौरान करीब डेढ़ दर्जन कांग्रेसियों को हिरासत में ले लिया है।
कांग्रेस के युवा संगठन युवक कांग्रेस, एनएसयूआई के कार्यकर्ता शनिवार को केंद्र और प्रदेश सरकार के विरोध में प्रदर्शन करने के लिए सड़कों पर उतरे। कार्यकर्ताओं ने अग्निपथ योजना को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ता शहर के विकास बाजार से पीएम और सीएम का पुतला लेकर जैसे ही होली गेट की तरफ बढ़े तभी पुलिस ने इनको रोकने का प्रयास किया। इसको लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की पुलिस से मामूली रूप से झड़प हो गई। विकास बाजार से कांग्रेस कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पुतला ले कर होली गेट की तरफ चले। कांग्रेस के प्रदर्शन को देखते हुए मौजूद पुलिस बल ने पुतलाओं को छीनने का प्रयास किया। इसको लेकर दोनों तरफ से छीना झपटी हुई। करीब 5 मिनट के बाद पुलिस ने पीएम और सीएम का पुतला छीन लिया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुतला छीनने के बाद विकास बाजार से होली गेट तक करीब एक किलोमीटर पैदल मार्च किया। पैदल मार्च करते हुए कार्यकर्ताओं ने केंद्र और प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस नेता यतेंद्र मुकद्दम व विक्रम बाल्मिक ने बताया कि एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष रोहित राणा के नेतृत्व में यह प्रदर्शन किया जा रहा है। केंद्र की भाजपा सरकार युवाओं के दम पर बनी और आज उन्हीं को ठगने का काम कर रही है। अग्नि पथ योजना हो या कोई और योजना सभी युवाओं के ,किसानों के ,महिलाओं के खिलाफ हैं। होली गेट पर प्रदर्शन में शामिल कांग्रेस के प्रदेश सचिव मुकेश धनगर ने बताया कि मथुरा में युवा साथी अग्निपथ योजना के विरोध में प्रदर्शन कर रहे थे। यहां के आला अधिकारियों ने उनके खिलाफ मुकद्दमा दर्ज कर उत्पीड़न करने का काम किया है। कांग्रेस नेता ने कहा कि जिन युवाओं के ऊपर मुकदमे लगाए गए हैं उनका उत्पीड़न करना ,प्रताड़ित करना बंद नहीं किया गया तो कांग्रेस,एनएसयूआई और युवक कांग्रेस का कार्यकर्ता सड़क से लेकर संसद तक प्रदर्शन करेगा। कांग्रेस नेता मुकेश धनगर ने मांग की कि पुलिस तत्काल युवाओं पर दर्ज मुकदमे वापस ले और उनको सम्मान के साथ छोड़ा जाए।