
विकास कार्य एवं कानून व्यवस्था को लेकर तीन राज्यमंत्रियों ने ली समीक्षा बैठक, दिए दिशा निर्देश
मथुरा। प्रदेश के मंत्री पंचायतीराज विभाग भूपेन्द्र सिंह चौधरी की अध्यक्षता में विकास कार्य एवं कानून व्यवस्था की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) आयुष खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग दया शंकर मिश्र एवं राज्यमंत्री कारागार सुरेश राही द्वारा संबंधित जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
श्रीचौधरी ने नगर निगम द्वारा कराये जा रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिये कि मलिन बस्तियों में साफ-सफाई, एन्टीलार्वा एवं फौंगिंग आदि का कार्य लगातार करते रहें। मलिन बस्तियों का औचक निरीक्षण करतें रहें और आवश्यकतानुसार बस्तियों में होने वाले विकास कार्यों पर विशेष ध्यान दिया जाये। नालियों की सफाई के साथ-साथ निकाला गया कूड़ा तुरंत हटवा दिया जाये।
पंचायती राज मंत्री ने जल जीवन मिशन के बारे में जानकारी लेते हुए कहा कि सरकार की मंशा है कि हर घर नल पहुॅचें तथा गंगा से पानी लाने के कार्य को और तेजी से किया जाये तथा गांव-गांव की समस्याओं का निस्तारण किया जाये। उन्होंने सिंचाई विभाग के अधिकारियों से कहा कि नमामि गंगे परियोजना तथा सिंचाई एवं बाढ़ से संबंधित परियोजनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की और अधिकारियों को निर्देश दिये कि जनपद में जलभराव की समस्या का सही निराकरण किया जाये तथा सिल्ट सफाई का कार्य करते हुए नहरों एवं बड़़ी नालियों के ऊपर अतिक्रमण हटवाने का कार्य करें। उन्होंने पशुपालन एवं नगर निकाय के अधिकारियों से कहा कि निराश्रित गौवंश को सुरक्षित किया जाये और उनके लिये चारे की पर्याप्त मात्रा में व्यवस्था सुनिश्चित करें। उन्होंने जानकारी ली कि इस वित्तीय वर्ष में गेंहू क्रय केन्द्र से कितना गेंहू क्रय किया गया है, जिस पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन विजय शंकर दूबे ने बताया कि बाजार में रेट अधिक होने के कारण गेंहू क्रय कम हुआ है। बैठक में जिला कृषि अधिकारी ने मंत्री जी को अवगत कराया कि जनपद में खाद की उपलब्धता पर्याप्त है।
उन्होंने कहा कि आयुष्मान/गोल्डन कार्ड की सुविधाओं से लोगों को लाभान्वित किया जाये और आयुष्मान भारत में पंजीकृत अस्पतालों की सूची जनसामान्य एवं सार्वजनिक स्थानों पर चस्पा करते हुए उसका अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार किया जाये। यदि कोई पंजीकृत अस्पताल मरीज को लेने से मना करता है, तो उसके विरूद्ध सख्त कार्यवाही की जाये। उन्होंने पंचायती राज विभाग द्वारा बनाये गये पंचायत घरों की गुणवत्ता एवं समयबद्धता से किये गये कार्यों की सराहना की। विद्युत विभाग के अधिकारियों से कहा कि अपने कार्यों में सुधार लायें और आम जनता की समस्याओं का समय से निस्तारण कर शासनादेश के अनुसार विद्युत आपूर्ति की जाये।
राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) आयुष खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग दया शंकर मिश्र ने निर्देश दिये कि जनपद में प्रमुख मन्दिर एवं भीड़ भाड़ वाले स्थानों की नालियों को ढकवा लिया जाये और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाये। उन्होंने कहा कि गोवर्धन में कराये जा रहे कार्यों को मानक के अनुरूप किये जायें। फर्जी भटटों एवं खनन पर अकुंश लगाया जाये तथा अतिक्रमण हटवाया जाये। जनपद में रेबीज टीका/रेबीज इंजेक्शन की पूर्ति पर्याप्त रहे, जिससें आम आदमी को आसानी से सस्ता इलाज मिल सके। मथुरा नगरी पर्यटक का हब है। मथुरा जनपद में लगभग 04 करोड़ लोग सालाना आते हैं, इसे विश्व स्तरीय शहर के रूप में बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी एवं अर्दसरकारी संस्थाओं के साथ सहभागिता निभाते हुए मथुरा जनपद में ज्यादा से ज्यादा वृक्षारोपण करना चाहिए एवं तालाब और पोखरों को सुरक्षित करना चाहिए, जिससे वॉटर लेबल में सुधार आयेगा। उन्होंने सरकारी कार्यालयों में तथा एमवीडीए द्वारा स्वीकृत घरों में वॉटर हार्बेस्टिंग का कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध होना चाहिए।
राज्यमंत्री कारागार सुरेश राही ने नगर निगम के कार्यों की सराहन की और कहा कि इसी प्रकार मथुरा जनपद के स्मार्ट शहर बनाया जाये। उन्होंने समाज कल्याण अधिकारी को निर्देश दिये कि सामूहिक विवाह योजना, कन्या सुमंगला योजना एवं अभ्युदय योजना का प्रचार-प्रसार किया जाये तथा जनप्रतिनिधियों को सामूहिक विवाह के बारे में जानकारी एवं निमंत्रण दिया जाये। मा0 मंत्रीगणों ने सरकार द्वारा चलायी जा रही घरौनी वितरण योजना के अन्तर्गत किये गये कार्यों की सराहना की।
इस अवसर पर विधायक मांट राजेश चौधरी, विधायक गोवर्धन ठा0 मेघश्याम सिंह, विधायक बल्देव पूरन प्रकाश, जिला पंचायत अध्यक्ष किशन सिंह, महापौर डॉ0 मुकेश आर्यबन्धु, एमएलसी ओमप्रकाश सिंह, जिलाध्यक्ष श्रीमती मधु शर्मा, महानगर अध्यक्ष विनोद अग्रवाल, मण्डलायुक्त अमित गुप्ता, जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिषेक, नगर आयुक्त अनुनय झा, मुख्य विकास अधिकारी डॉ0 नितिन गौड़, डीएफओ रजनीकान्त मिततल, पुलिस अधीक्षक नगर एमपी सिंह, सीएमओ डॉ0 अजय कुमार वर्मा सहित विभिन्न अधिकारीगण उपस्थित थे।