
मथुरा : बलदेव छठ को श्रीकृष्ण के बड़े भाई बलरामजी का जन्मोत्सव मना धूमधाम से
मथुरा। भगवान श्रीकृष्ण के बड़े भाई बलदेव का प्राकट्योत्सव शुक्रवार को मथुरा शहर में धूमधाम से मनाया गया। मंदिरों में अभिषेक, आकर्षक श्रृंगार, 56 भोग, फूल बंगला सज्जा, भण्डारा, संत विप्र सेवा की गई। शहर के ह्नदय स्थल होलीगेट स्थित प्राचीन मंदिर दाऊजी महाराज में सुबह से दर्शन के लिये भक्तों का तांता लगा रहा। मंदिर के सेवायत राजू पण्डित ने अपने साथियों के साथ दाऊजी महाराज व रेवती जी का पंचामृत अभिषेक किया। अभिषेक के पश्चात श्रंगार कर आरती उतारी गई तथा चरणामृत व प्रसाद वितरित किया गया। दोपहर बाद छप्पन भोग का प्रसाद लगा कर श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ रखा गया।
क्षेत्रीय लोगों ने मंदिर पहुंच कर बृज के राजा को माखन, मिश्री का भोग लगा कर वितरित किया। पूरे दिन होली गेट से गुजरने वाले राहगीरों को ठण्डा शरबत व प्रसाद वितरित किया गया। रात्रि में छप्पन भोग की प्रसादी वितरण व भंडारे की व्यवस्था भी मंदिर के सेवायत राजू पण्डित द्वारा की गई है। दर्शनार्थियों में प्रमुख रूप से सामाजिक कार्यकर्ता गुड्डू गौतम, श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के अध्यक्ष नरेन्द्र भारद्वाज, अजय शर्मा, संजय शर्मा पिपोनिया, पंकज पण्डित, लक्की शर्मा, कान्हा अग्रवाल, बिन्देश चतुर्वेदी, सुभाष सैनी, अनुज चतुर्वेदी, गिरधारी अग्रवाल, अजय अग्रवाल आदि मौजूद रहे। चौक बाजार की सब्जी मंडी में स्थित प्राचीन मंदिर के सेवायत तरुण शांडिल्य व वरुण शांडिल्य ने सुबह 6 बजे मंगला दर्शन कराए। माखन मिश्री भोग, 10 बजे पंचामृत अभिषेक किया। जयसिंहपुरा क्षेत्र में स्थित राधाकृष्ण वाटिका में स्थित दाऊजी व वैष्णो देवी मंदिर सेवक कृष्णकांत शास्त्री ने सुबह 6ः30 बजे अभिषेक किया। गायत्री तपोभूमि के पास परिक्रमा मार्ग में स्थित बगीची में विराजे प्राचीन दाऊजी का सेवायत लीलाधर शर्मा, अभिषेक भारद्वाज, कृष्ण कुमार भारद्वाज ने मंत्रोच्चारण के बीच पंचामृत से अभिषेक किया। आकाशवाणी के सामने बगीची में विराजमान दाऊजी महाराज का पुजारी प्रेमपाल शर्मा, हिमांशु शर्मा ने मंत्रोच्चारण के मध्य अभिषेक किया। मसानी तिराहा के पास स्थित प्राचीन गौर दाऊजी मंदिर की सेवायत ममता दासी ने दोपहर 12 बजे पंचामृत अभिषेककिया। गली पीरपंच में स्थित मंदिर में उत्सव धूमधाम से मना। 3 अगस्त को शोभायात्रा निकाली जाएगी। बलभद्र कुण्ड स्थित आत्मनिर्भर देवस्थान विभाग राजस्थान सरकार के प्राचीन दाऊजी मन्दिर में दाऊ बाबा का पंचामृत अभिषेक आचार्य माला राम शास्त्री, सेवायत मोहन लाल भारद्वाज ने मंत्रोच्चारण के मध्य किया।