
वृंदावन में धर्मेंद्र को भावभीनी श्रद्धांजलि
मथुरा/वृंदावन। वरिष्ठ फिल्म अभिनेता एवं मथुरा की सांसद श्रीमती हेमा मालिनी के पति धर्मेंद्र के स्वर्गवास के उपरांत शनिवार को भारतीय जनता पार्टी द्वारा वृंदावन स्थित श्रीकृष्ण जन्माष्टमी आश्रम में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और सामाजिक संगठन उपस्थित रहे और दिवंगत अभिनेता को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित सभी लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर धर्मेंद्र की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। वहीं
सांसद श्रीमती हेमा मालिनी ने अपने संबोधन में भावुक होते हुए कहा धर्मेंद्र केवल मेरे जीवन के साथी नहीं थे, बल्कि वह सिनेमा जगत के एक ऐसे सितारे थे, जिनकी चमक कभी फीकी नहीं पड़ेगी। उनका सहज हास्य, उनकी विनम्रता, उनकी शक्ति और करिश्मा हमें हमेशा याद रहेगा। उनका जीवन न केवल फिल्मों में, बल्कि हमारे दिलों में हमेशा जीवित रहेगा।निर्देशक अनिल शर्मा ने कहा धर्मेंद्र जी एक अद्वितीय कलाकार थे। उनकी हर भूमिका में जीवन की सच्चाई झलकती थी। उनका संघर्ष, उनका समर्पण और उनका व्यक्तित्व हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। आज हम न केवल एक अभिनेता को, बल्कि एक आदर्श इंसान को याद कर रहे हैं। उनकी यादें हमेशा हमारे दिलों में रहेंगी।श्रद्धांजलि सभा में दिवंगत अभिनेता के चित्र पर पुष्प अर्पित किए गए और शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की गई।
इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत कुमार गौतम, कैबिनेट मंत्री लक्ष्मीनारायण चौधरी, विधान परिषद सदस्य अशोक कटारिया, विधायक मेघश्याम सिंह, विधायक पूरन प्रकाश, जिला अध्यक्ष निर्भय पांडेय, भागवत आचार्य देवकीनंदन ठाकुर, सांसद प्रतिनिधि जनार्दन शर्मा, कुंज बिहारी चतुर्वेदी, महानगर मीडिया प्रभारी श्याम शर्मा, संजय हरियाणा, संजय गोविल, मिलन भाटिया, नितिन चतुर्वेदी, ज्ञानेंद्र राणा, डीआईजी शैलेश कुमार पांडेय, मंडल आयुक्त शैलेंद्र कुमार, जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह, पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार सहित भाजपा कार्यकर्ता और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।








