राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का मथुरा आगमन, ब्रज में आध्यात्मिक प्रवास की शुरुआत

मथुरा। भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का गुरुवार को धर्मनगरी मथुरा आगमन हुआ। उनका विमान निर्धारित समय पर कैंट हेलीपैड पर उतरा, जहां जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने गरिमामय स्वागत किया। आगमन के साथ ही ब्रज में उनके तीन दिवसीय आध्यात्मिक एवं आधिकारिक प्रवास की शुरुआत हो गई।
कैंट हेलीपैड पर उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने राष्ट्रपति का स्वागत किया। इस अवसर पर प्रदेश सरकार के मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी, संदीप सिंह, राज्यसभा सांसद तेजवीर सिंह तथा महापौर विनोद अग्रवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। प्रशासनिक स्तर पर वरिष्ठ अधिकारियों ने भी उनकी अगवानी कर प्रोटोकॉल के अनुसार स्वागत किया।राष्ट्रपति के आगमन को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। हेलीपैड से लेकर प्रमुख मार्गों तक पुलिस एवं सुरक्षा बलों की कड़ी निगरानी रही, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
आगमन के उपरांत राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु एवं राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने प्रेम मंदिर पहुंचकर भगवान श्री राधा-कृष्ण के दर्शन किए। मंदिर में उनका पारंपरिक स्वागत किया गया। राष्ट्रपति ने गर्भगृह में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर आरती की तथा संकीर्तन मंडली द्वारा प्रस्तुत भजन-कीर्तन का श्रवण किया। उन्होंने मंदिर परिसर में आयोजित लेज़र शो का अवलोकन भी किया और प्रसाद ग्रहण कर परिक्रमा की।
इसके पश्चात प्रथम तल पर स्थित श्री सीता-राम एवं अन्य विग्रहों के दर्शन कर उन्होंने मंदिर की परिक्रमा की। मंदिर प्रबंधन द्वारा उन्हें स्मृति चिन्ह एवं आध्यात्मिक साहित्य भेंट किया गया।राष्ट्रपति का यह दौरा ब्रज क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों से जुड़ा हुआ है। प्रवास के दौरान वे इस्कॉन मंदिर वृंदावन, विभिन्न आश्रमों एवं संस्थानों का भ्रमण करेंगी। 21 मार्च को उनका गोवर्धन में दानघाटी मंदिर में पूजा-अर्चना तथा परिक्रमा का कार्यक्रम प्रस्तावित है।
राष्ट्रपति के आगमन से ब्रज क्षेत्र में उत्साह का वातावरण है। प्रशासन द्वारा सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है, जिससे उनका पूरा कार्यक्रम व्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें 

Please Share This News By Pressing Whatsapp Button 

विज्ञापन बॉक्स
विज्ञापन बॉक्स

Related Articles

Close
[avatar]