
घर-घर पहुंचाया जाएगा गीता का संदेश : लव गुप्ता
–मथुरा-वृंदावन की नई कार्यकारिणी घोषित, लव बने जिलाध्यक्ष
मथुरा : विश्व गीता संस्थान, संस्कृत विभाग द्वारा डीग गेट निवासी लव गुप्ता को मथुरा-वृंदावन केंद्र का जिलाध्यक्ष मनोनीत किया गया है। उनके इस मनोनयन पर पदाधिकारियों ने उन्हें बधाई दी है।
चन्दन वन में जिला संयोजक दीपक सोनी की अध्यक्षता में हुई बैठक में पदाधिकारियों की सहमति से लव गुप्ता को यह जिम्मेदारी सौंपी गई। इनके अलावा कार्यकारिणी में योगेंद्र अग्रवाल, प्रकाश अग्रवाल, लोकेश कुमार व कृष्णा अग्रवाल को जिला उपाध्यक्ष, देवेंद्र शर्मा को जिला महामंत्री, हेमंत शर्मा, जसप्रीत सिंह, सोनपाल गुप्ता व पंकज सैनी को जिला मंत्री एवं मोहित अग्रवाल को मीडिया प्रभारी नियुक्त किया गया है।
नए पदाधिकारियों ने संस्था के प्रति अपने दायित्वों का पालन करने का संकल्प लिया। साथ ही आपसी तालमेल के साथ मथुरा-वृंदावन में विश्व गीता संस्थान को नई बुलंदियों पर ले जाने का प्रण लिया। दायित्व ग्रहण करने के बाद लव गुप्ता ने बताया कि अगर देश में संस्कार और संस्कृति को बचाना है तो गीता को घर-घर पहुंचाना होगा। इसके लिए जिले की टीम में शामिल सभी पदाधिकारी व सदस्यों को इस कार्य की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।