
तेंदुए होने का वीडियो वायरल होने पर वन विभाग जागा, जुटाएं साक्ष्य भेजे जांच को
मथुरा। बरसाना क्षेत्र के सीह गांव में तेंदुआ दिखने से लोगों में दहशत फैल गई। जंगल में घूमते तेंदुए का वीडियो बनाकर ग्रामीणों ने सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया था। रविवार को वन विभाग की टीम ने तेंदुआ के पैरों के निशानों से साक्ष्य जुटाकर जांच को भेजे है।
शनिवार को सीह गांव के जंगल में ग्रामीणों ने तेंदुए को देखा था। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। तेंदुआ की आहट से लोग घरों में दुबक गए। इसकी सूचना वन विभाग और थाना पुलिस को दी थी। रात में पुलिस और वन क्षेत्राधिकारी मनोज कुमार गांव पहुंचे। जंगल में गश्त कर काफी तलाश की थी। लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। रविवार को उप प्रभागीय वनाधिकारी प्रभाकांत पांडे, वन क्षेत्राधिकारी ब्रजेश परमार आदि आगरा की वन जीव स्पेशलिस्ट टीम के साथ सीह पहुंचे। जगंल में कॉम्बिंग कर तेंदुआ के पैरों के निशानों से साक्ष्य जुटाकर कर जांच को भेजे। वनकर्मियों की टीम उसकी तलाश में जुटी रही।
रविवार शाम क्षेत्राधिकारी गोवर्धन मनोज कुमार ने बताया कि गांव सीह में तेंदुआ की जानकारी मिलने पर टीम कॉम्बिंग कर रही है। आगरा से वन जीवों के एक्सपर्ट बुलाकर उसके पैरों के चिन्ह जांच को भेजे हैं। जाल, पिंचड़ा आदि उपकरण भी मौके पर मंगा लिए हैं। वन दरोगा आशीष कुमार ने बताया कि जंगल में लगातार गश्त की जा रही है।
बॉक्स
2 साल में 6 बार से ज्यादा नजर आया तेंदुआ
मथुरा में पिछले दो वर्ष से तेंदुआ की दस्तक बढ़ी है। यहां कोरोना काल की शुरुआत के साथ ही सबसे पहले थाना गोवर्धन क्षेत्र के अडींग में तेंदुआ देखा गया। जिसके बाद वन विभाग की टीम ने एनजीओ की मदद से उस तेंदुआ को पकड़ा था। उसके बाद पालइ ब्राह्मण, मुखराई, पडाल में भी दिखने की खबरें सामने आई। अभी तीन महीने पहले थाना नौहझील क्षेत्र के बाजना में भी तेंदुआ घूमते हुए का एक वीडियो वायरल हुआ था। वहीं थाना कोतवाली वृंदावन इलाके के अहिल्यांगज गांव के पास अक्टूबर 2021 में एक तेंदुआ का शव भी बरामद हुआ था।