
मांट सीटः 8 बार के विधायक को हराकर राजेश चौधरी बने विधायक, राजनीतिक दिग्गजों को चौंकाया
क्रमवारः बसपा प्रत्याशी पं. श्यामसुंदर शर्मा, भाजपा प्रत्याशी राजेश चौधरी एवं गठबंधन प्रत्याशी संजय लाठर।
मथुरा। जनपद की सबसे हॉट सीट में शुमार मांट विधानसभा पर भारतीय जनता पार्टी का आखिरकार परचम लहरा ही गया। पहली बार चुनाव मैदान में उतरे भाजपा के युवा नेता राजेश चौधरी ने 8 बार से विधायक बनते आ रहे पं. श्याम सुंदर शर्मा को पटखनी देकर राजनीतिक दिग्गजों को भी चौंका दिया। उन्होंने बसपा प्रत्याशी श्याम सुंदर शर्मा को 8001 वोटों से हराकर जीत हासिल की।
जनपद की मांट सीट न सिर्फ जनपद वरन् प्रदेश की हॉट सीटों में शुमार की जाती है। यहां से इस बार बसपा प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतरे पं. श्यामसुंदर शर्मा लगातार 8 बार से विधायक बनते आ रहे थे। उन्हें इस बार भी जीत की उम्मीद थी लेकिन इस बार भाजपा के युवा नेता राजेश चौधरी ने पटखनी देकर राजनीतिक गलियारों की सुर्खियां बटोर ली हैं। उनकी यह जीत इसलिए भी बड़ी मानी जा रही है क्योंकि वर्ष 2017 में मोदी लहर के बाद भी भाजपा इस सीट को अपने खाते में नहीं कर सकी थी।
भाजपा प्रत्याशी राजेश चौधरी को 79956 मत प्राप्त हुए जबकि श्याम सुंदर शर्मा को 71349 वोट हासिल हुए हैं। तीसरे नंबर पर रहे सपा रालोद गठबंधन के प्रत्याशी संजय लाठर को 57981 मतों से संतुष्ट होना पड़ा।
राजनीतिक विश्लेषकों की मानें तो राजेश चौधरी को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित केंद्रीय हाईकमान के निर्देशों के बाद टिकट दी गई थी। जिसके बाद इस सीट पर सभी का ध्यान था। राजेश चौधरी को टिकट देने के लिए पार्टी के पुराने नेता एवं 2017 में भाजपा के प्रत्याशी एसके शर्मा का टिकट काट दिया गया था। जिसके बाद एसके शर्मा ने रो रोकर भाजपा छोड़ दी थी और हाथी पर बैठकर मथुरा से विधानसभा चुनाव लड़ने उतर गए।
राजेश चौधरी द्वारा मांट के 8 बार के विधायक एवं जनपद की राजनीति के चाणक्य कहे जाने वाले पं. श्यामसुंदर शर्मा को हराने के बाद अब क्षेत्र में चर्चा है कि इस जीत का पुरस्कार राजेश चौधरी को अवश्य मिलेगा। उन्हें संभवतः नई योगी सरकार में मंत्री पद दिया जाएगा।