
मथुरा : अनियंत्रित डवल डेकर बस पलटी, 20 घायलों में पांच गंभीर
मथुरा। थाना बलदेव क्षेत्र अंतर्गत यमुना एक्सप्रेस वे के माइलस्टोन 133.6 पर बीतीरात अनियंत्रित हो डबल डेकर बस पलट गई। इस घटना में बस में सवार 20 लोग घायल हो गई। घायलों को मथुरा और आगरा के अस्पताल में उपचार को भिजवाया गया है। घायलों में पांच की हालत गंभीर है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार रात डबल डेकर बस चालक दिल्ली से करीब 35 सबारियां लेकर जौनपुर जा रहा था। एक्सप्रेस वे होकर नोएडा से आगरा की ओर जाते समय गुरुवार तड़के डेढ़ बजे थाना बलदेव क्षेत्र अंतर्गत एक्सप्रेस-वे माइल स्टोन 133.6 पर अचानक डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर पलट गयी। बस पलटने के कारण नोएडा-आगरा मार्ग पर जाम लग गया। इसे देख राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। हादसे की सूचना पर पहुंची थाना बलदेव पुलिस व एक्सप्रेसे वे रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंच बस में फसी सवारियों को निकालने में जुट गयीं।
करीब घंटे भर की मशक्कत के बाद सवारियों को निकाल कर एंबुलेंस की मदद से घायलों को उपचार को भिजवाया गया। बस पलटने की सूचना पर सीओ महावन रविकांत पाराशर भी घटनास्थल पर पहुंच गये। थाना प्रभारी निरीक्षक बलदेव नरेन्द्र यादव ने बताया कि बस में 35 सवारियों में से 20 सवारी घायल हुई हैं। इन्हें उपचार के लिए एंबुलेंस की मदद से कृष्णा हॉस्पिटल रामबाग आगरा, भास्कर हॉस्पिटल लक्ष्मी नगर, जमुनापार व जिला चिकित्सालय भिजवाया गया है। घायलों में पांच की हालत चिंताजनक हैं। उन्हें रेफर कर दिया गया है। वहीं एक्सप्रेस वे पर पलटी बस को क्रेन की मदद से उठवाकर हटवाया। तब जाकर करीब दो घंटे से अधिक समय से लगे जाम को खुलवाकर यातायात सुचारू कराया गया।