
महिलाओं के विवाद में चली गोलियां, एक व्यक्ति की मौत, तीन गिरफ्तार
थाना मगोर्रा बना सुर्खियों में, अड्डा गांव, फिर थाने में बवाल और अब नगला हमला में खूनी संघर्ष
मथुरा। थाना मगोर्रा क्षेत्र के नगला हमला में महिलाओं के विवाद को लेकर दो पक्षों में गोलियां चल गईं। जिसमें एक 50 वर्षीय व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है, वहीं पुलिस ने गुरुवार हमलावरों में से तीन को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य फरार है।
गौरतलब हो कि मथुरा का थाना मगोर्रा क्षेत्र बीते कुछ दिनों से लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। पहले अड्डा गांव में अनुसूचित जाति के लोगों पर हमला, फिर चोरी के आरोपी को छुड़ाने की कोशिश में थाने में बवाल और नगला हमला में खूनी संघर्ष हो गया।
थाना मगोर्रा क्षेत्र के गांव हमला में एक ही मोहल्ले की रहने वाले प्रेम सिंह उर्फ प्रेमा और लाल सिंह के परिवार की महिलाओं के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। जिसकी शिकायत पुलिस से की गई। इसी दौरान गांव के सभ्रांत लोगों ने दोनों पक्षों में सुलहनामा कराने की कोशिश की लेकिन किसी बात पर सुलहनामा नहीं हो पाया। बीतीरात लाल सिंह और उसके पक्ष के लोग हथियार निकाल लाये। इसी बीच कहासुनी बढ़ने पर लाल सिंह पक्ष के लोगों ने फायरिंग कर दी। फायरिंग में 50 वर्षीय भजन लाल पुत्र मोतीराम के गोली लग गई। गोली लगने से भजन लाल की मौके पर ही मौत हो गई। भजन लाल की हत्या की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। गुरुवार क्षेत्राधिकारी गोवर्धन गौरव त्रिपाठी ने बताया कि दो पक्षों में विवाद हुआ जिसमें एक पक्ष ने भजन लाल की हत्या कर दी। चार नामजद लोगों के खिलाफ मुकद्दमा दर्ज कराया था जिसमें से लक्ष्मण, गोपाल, नरोती को गिरफ्तार कर लिया है एक की तलाश जारी है। गांव में पुलिसबल तैनात कर दिया गया है।