
हाईवे पर चलती कार में लगी आग
मथुरा। आगरा-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर टाउनशिप स्थित स्वर्ण जयंती के सामने चलती कार में अचानक आग लग गई। चालक ने गाड़ी खड़ी करके भाग कर अपनी जान बचाई। थोड़ी देर में ही आग ने पूरी कार को आगोश में ले लिया। सूचना पर पहुंची दमकल की गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। बताया जाता है कि वृंदावन निवासी गोपाल कार से आगरा जा रहे थे। जब गोपाल टाउनशिप के स्वर्ण जयंती अस्पताल के सामने से गुजर रहे थे, तभी कार में धुआं निकलते देखा। तत्काल कार को रोक के बाहर निकल आए। इतनी देर में कार ने आग पकड़ ली। कार धूं धूकर जलने लगी। इतनी देर में रिफाइनरी पुलिस मौके पर पहुंच गई। फायर ब्रिगेड को फोन किया, लेकिन फायर ब्रिगेड आधा घंटे तक नहीं पहुंची। रिफाइनरी पुलिस ने रिफाइनरी फायर ब्रिगेड को फोन किया तब जाकर रिफाइनरी फायर ब्रिगेड ने आकर आग पर काबू पाया।








