
क्रांतिकारियों के वंशजों ने सरकार को झुकाया : मनोज
मथुरा। केंद्र सरकार द्वारा तीनों कृषि कानून वापस लिए जाने पर राष्ट्रीय लोकराज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज चौधरी ने एक बयान जारी कर कहा है कि 14 माह के देशव्यापी किसान आंदोलन के बाद केंद्र सरकार द्वारा तीनों कृषि विरोधी कानून वापस लेना वस्तुतः क्रांतिकारियों के वंशजों की जीत है, किसानों की जीत है। राष्ट्रीय लोकराज पार्टी किसानों की इस बड़ी जीत का स्वागत एवं अभिनंदन करती है। पूरे किसान आंदोलन के दौरान किसानों ने बेहद संयम का परिचय देते हुए निरंतर अपनी लड़ाई को लड़ा है। 750 किसानों की शहादत के उपरांत भी किसानों ने अपना धैर्य नहीं खोया। राष्ट्रीय लोकराज पार्टी सरकार से आंदोलन के दौरान सभी मृत किसानों के परिवारों को 1 करोड़ प्रति किसान एवं परिवार को एक सरकारी नौकरी देने की मांग करती है। राष्ट्रीय लोकराज पार्टी पूरे किसान आंदोलन के दौरान किसानों एवं किसान संगठनों का यथा संभव सहयोग एवं समर्थन करती रही है। आगे भी किसान, मजदूर, गरीब एवं छात्रों की लड़ाई में राष्ट्रीय लोकराज पार्टी निरंतर अपनी भागीदारी तय करती रहेगी।