
तेज रफ्तार मैक्स पिक अप पलटी, एक महिला की मौत
मथुरा/ संवाददाता प्रवीण मिश्रा थाना नौहझील क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे पर माइलस्टोन 76 के समीप आगरा से नोएडा की तरफ जा रही वॉल पुट्टी से भरी बोलेरो पिकअप गाड़ी बेकाबू होकर बीच सड़क पर पलट गई। जिसमें एक महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची एक्सप्रेस वे सुरक्षा कर्मी एवं पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। तो वहीं मृतक महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बुधवार दोपहर बोलेरो पिकअप आगरा से यमुना एक्सप्रेसवे से होकर नोएडा जा रही थी। रास्ते में सुरीर थाना क्षेत्र में नगला मौजी के समीप से मैक्स पिकअप के चालक ने महिला दर्शना और उसके बेटे मोनू को नोएडा के लिए बोलेरो पिकअप में पीछे बिठा लिया। बोलेरो गाड़ी चालक वहां से करीब 10 किलोमीटर ही चला था कि बोलेरो पिकअप बेकाबू हो गई और अनियंत्रित होकर बीच सड़क पर पलट गई। इसमें बोलेरो में भरे वॉल पुट्टी के कट्टे सड़क पर बिखर गए और पीछे बैठे मां बेटे भी सड़क पर गिर गए। जिसमें महिला दर्शना की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बेटा मोनू गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पुलिस ने घायल चालक और मोनू को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया है।