मथुरा के चहुमुखी विकास के लिए धन की कोई कमी नहीं परन्तु लुटाने को नहीं मिलेगा : योगी

मथुरा। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि बृज क्षेत्र के सर्वागीण विकास में धन की कोई कमी आडे नही आने दी जायेगी, बशर्ते धन लुटाने के लिए नही मिलेगा। जनपद में सभी प्रमुख पर्यटन, तीर्थ स्थलों पर गुणवत्ता पूर्ण कार्य समयावधि में हो जाने चाहिए। अधिकारी नियमित जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर कार्ययोजनाओं फायनल करेंगे।

उक्त उद्गार उन्होंने मंगलवार को रसखान समाधि स्थल पर बने मीटिंग हाल में उ.प्र. बृज तीर्थ विकास परिषद की बैठक में व्यक्त किए।

मुख्यमंत्री ने तीर्थ विकास परिषद के प्रस्तावों पर निश्चित समय में एनओसी जारी न करने वाले सरकारी विभागों की कार्यशैली पर कडी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा रसखान समाधि स्थल पर नियमित कार्यक्रम होते रहने चाहिए। उन्होंने प्रमुख मंदिरों पर लगी फसाड़ लाइटिंग की प्रशंसा करते हुए कहा कि अन्य मंदिरों तथा प्रमुख स्थानों पर इनको लगाया जाना चाहिए ताकि तीर्थ यात्रियों के आकर्षण का केन्द्र बना रहे।

बैठक में मुद्दा उठा कि गोवर्धन में बस स्टैण्ड पर बनी मल्टीलेबिल पार्किंग के संचालन में बृज तीर्थ विकास परिषद ने भागीदारी की बात कही है जिस पर परिवहन विभाग आपत्ति व्यक्त कर रहा है। इस मामले पर मुख्यमंत्री ने बैठक में मौजूद परिवहन विभाग के एमडी को कहा कि क्या प्रोब्लम है आपको। संचालन आप स्वयं ठीक से कर नही पायेेंगे प्राफिट दोनों विभाग बराबर लेंगे। इस पर एमडी ने सहमति जता दी। 

बैठक में जनप्रतिनिधियों ने कहा कि मास्टर प्लान के मुताबिक शहरी क्षेत्र में कार्य नही हो पा रहे, वृन्दावन में प्रेम मंदिर के सामने काफी अतिक्रमण है। नगर निगम को जगह-जगह फूड जोन बनाने चाहिए। विधायक श्रीकान्त शर्मा ने कहा कि रसखान समाधि की भांति स्वामी हरिदास जी की विरासत को संरक्षित किये जाने की योजना बनाई जानी चाहिए। मांट के विधायक राजेश चौधरी ने कहा कि विकास से पिछड़े हुए मांट क्षेत्र के विकास पर भी ध्यान देना चाहिए इसके लिए श्री बिहारी जी के सामने यमुना जी के घाटों पर दूसरी ओर पुल बनने के साथ-साथ पार्किंग का निर्माण कराया जाये। गोवर्धन के विधायक ठा. मेघश्याम सिंह ने कहा कि क्षेत्र में खारी पानी होने के कारण सिंचाई में काफी परेशानी होती है। बल्देव के विधायक पूरन प्रकाश ने यमुना खादर में तेजी से हो रहे अवैध निर्माणों पर आपत्ति जताई। एमएलसी ठा. ओम प्रकाश सिंह ने कहा कि जगह-जगह स्वागत अभिनंदन के प्रवेश द्वार बनाये जाने चाहिए। सांसद हेमामालिनी ने भी विकास सम्बन्धी कई मुद्दे उठाये। जिला पंचायत चैयरमेन किशन चौधरी ने भी मुद्दे उठाये। मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों के उठाये मुद्दों पर जिलाधिकारी को तत्काल कार्यवाही के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री के समक्ष मुद्दा उठाया गया कि यमुना एक्सप्रेस वे ऑथरिटी राया मोड़ पर न्यू सिटी विकसित करने का प्लान कर रही है उसको वृन्दावन मोड की तरफ विकसित किया जाना चाहिए। इस पर ऑथरिटी को निर्देश दिए गये। इसके अलावा वन विभाग की जमीन पर निजी लोगों-कम्पनियों द्वारा प्लांटेशन पर रोक हटाने की कहते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उनको अनुबंध के साथ मंजूरी दी जानी चाहिए कि वह कोई भी पक्का निर्माण अथवा व्यवसायिक गतिविधियां नही करेंगे। अपर मुख्य सचिव वन ने तत्काल कार्यवाही करने का आश्वासन दिया।

बैठक में मुख्यमंत्री ने मथुरा-वृन्दावन विकास प्राधिकरण को कार्यदायी संस्था की मान्यता देने के विषय पर निर्देश दिए कि कैबिनेट की बैठक में प्रस्ताव रखा जाये। इसके अलावा शीघ्र ही पर्यटक पुलिस थाना खोलने की अनुमति दी। पारसौली में नवगठित बृजभाषा अकादमी का ऑफिस खोलने का निर्णय हुआ। तीर्थ विकास परिषद के प्रस्तावों पर कार्य करने वाली सरकारी एजेन्सियों की धीमी कार्यशैली पर भी उन्होंने नाराजगी व्यक्त की। परिषद के नये 16 कार्यों का कराये जाने पर मुख्यमंत्री ने मुहर लगा दी। उन्होंने परिषद् द्वारा कराये गए कार्यो की सराहना की।

बैठक में उ.प्र. बृज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजा कांत मिश्र, अपर मुख्य सचिव वित्त प्रशांत त्रिवेदी, महानिदेशक पर्यटन मुकेश मेश्राम, अपर मुख्य सचिव पर्यावरण मनोज कुमार सिंह, प्रमुख सचिव आवास नितिन रमेश गोकरण, प्रमुख सचिव नगर विकास अमृत अभिजात, प्रमुख सचिव लोनिवि नरेन्द्र भूषण, एमडी परिवहन आर.पी. सिंह सहित अपर पुलिस महानिदेशक आगरा जोन राजीव कृष्ण, जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल, एसएसपी गौरव ग्रोवर, विप्रा उपाध्यक्ष नगेन्द्र प्रताप, मथुरा-वृन्दावन नगर निगम के आयुक्त अनुनय झा आदि अधिकारी के अलावा व्यापारी कल्याण बोर्ड के चेयरमैन रविकांत गर्ग जी एल ए के कुलाधिपति नारायण दास अग्रवाल आदि मौजूद रहे। बैठक में प्रदेश के प्रर्यटन मंत्री ठा. जयवीर सिंह ने भी विचार वयक्त किए। रसखान  समाधि जाने के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रांगण में वृक्षारोपण भी किया। यहाँ से योगी बरसाना प्रस्थान कर गए। बरसाना में उन्होंने राधा रानी के दर्शन कर संत विनोद बाबा से उनके आश्रम में मुलाकात की। कैबिनेट मंत्री चौ. लक्ष्मी नारायण उनके साथ मौजूद रहे।

 

बरसाना में संत विनोद बाबा से भेट करते मुख्यमंत्री योगी।

 

प्रदूषित यमुना को लेकर योगी ने जताई चिन्ता

मथुरा। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यमुना शद्धिकरण को लेकर चिन्ता जताई है। उन्होंने कहा कि यमुना जी को निर्मल बनाना चुनौती है। उन्होंने जिलाधिकारी को निर्देश दिए कि पहले वह एक कार्य योजना बनाये ताकि मथुरा जनपद क्षेत्र में यमुना को प्रदूषित और कचरा डाले जाने से बचाया जा सके। इसके लिए तत्काल कार्ययोजना बननी चाहिए।

मुख्यमंत्री का कहना था कि जब हमारे यहां यमुना जी शुद्ध हो जायेंगी तब हम हरियाणा-दिल्ली सरकारों से बातचीत करेंगे।

इस माह के अंत में वृन्दावन आयेंगे राष्ट्रपति

मथुरा। जून माह के अंतिम सप्ताह में राष्ट्रपति रामनाथ कोविद मथुरा आ सकते है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि वृन्दावन स्थित कृष्णा कुटीर में उनका भ्रमण रहेगा। इस स्थान पर करीब 153 विधवा निराश्रित महिलाएं रहती है। मुख्यमंत्री ने डीएम को निर्देश दिए कि वह कृष्णा कुटीर में जो भी व्यवस्था करनी है उनको सरकारी फंड से युद्ध स्तर पर करायें।  

व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें 

Please Share This News By Pressing Whatsapp Button 

विज्ञापन बॉक्स
विज्ञापन बॉक्स

Related Articles

Close
[avatar]